हीरे से भी महंगा साढ़े 7 लाख में बिका अंगूरों का गुच्छा

टोक्यो : समाचार ऑनलाईन – जापान में मंगलवार को लाल अंगूरों का एक गुच्छा 1.2 मिलियन येन (करीब 7.5 लाख रुपये) में बिका। अंगूर की इस किस्म का नाम रूबी रोमन है। करीब 12 साल पहले अंगूर की यह किस्म मार्केट में आई थी। कनाजावा के थोक बाजार में इस अंगूर की रिकार्ड बोली लगाई गई। नीलामी में अंगूर के इस गुच्छे को ह्याकुराकुसो नाम की एक कंपनी ने खरीदा।

रूबी रोमन नाम का यह अंगूर आकार में बड़ा और स्वाद में बेहद मीठा व रसीला होता है। इसके हर दाने का वजन 20 ग्राम से भी ज्यादा होता है। आइएएनएस की खबर के मुताबिक अंगूर की इस किस्म को जापान के इशिकावा प्रांत में खेती से जुड़ी सरकारी समिति ने तैयार किया है।

जापान के इन लाल अंगूर के आकार को देखकर आप हैरान हो जायेंगे क्योंकि ये क्रेजी बॉल के आकार के होते हैं। ये अंगूर केवल जापान में ही उगाये जाते हैं। इसके एक गुच्छे में 30 अंगूर होते हैं और एक अंगूर का वजन 20 ग्राम तक होता है। यह कंपनी जापान में होटल के कारोबार से जुड़ी है। इशिकावा सहकारी समिति का कहना है कि वह सितंबर तक रूबी रोमन किस्म के करीब 26 हजार गुच्छे निर्यात करेगी।