सार्वजनिक जगहों पर थुकनेवालों से 8 लाख दंड वसूल 

पिंपरी। कोरोना काल मे सार्वजनिक जगहों पर थुकनेवालों के खिलाफ पिंपरी चिंचवड़ मनपा के स्वास्थ्य विभाग ने जोरदार मुहिम चला रखी है।अब तक शहर में 5255 लोगों से 8 लाख 10 हजार 400 रुपये का दंड वसूल किया गया है। इसमें सर्वाधिक 868 लोगों से एक लाख 30 हजार रुपए का दंड मनपा के ग प्रभाग परिक्षेत्र और सबसे कम 421 लोगों से 63 हजार 150 रुपये का दंड क प्रभाग परिक्षेत्र से वसूला गया है।
शहर में 10 मार्च को कोरोना का पहला मरीज मिला है जिसके बाद आज इसकी संख्या 91 हजार तक पहुंच गई है। अब तक आठ हजार से ज्यादा लोग इसकी चपेट में आकर अपनी जान हाथ धो बैठे हैं। खुले में थूकने से कोरोना के वायरस का प्रसार तेजी से होता है। क्योंकि थूक जल्दी सूखती नहीं और उसमें वायरस घँटों तक जीवित रहते हैं। इसके चलते मनपा प्रशासन ने लोगों से सार्वजनिक जगहों पर न थूकने की अपील करते हुए दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है।
पहले ऐसे लोगों से 150 रुपए दंड वसूला जाता था मगर इसकी कार्रवाई बेअसर साबित होता देख दो माह पूर्व दंड की राशि एक हजार रुपए तय की गई। इसकी जानकारी देते हुए मनपा के स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. अनिल रॉय ने बताया कि, मार्च से 25 नवंबर तक 5255 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनसे 8 लाख 10 हजार 400 रुपये दंड वसूल किया गया है। इसमें से मनपा के ‘अ’ प्रभाग परिक्षेत्र के 832 नागरिकों से 1 लाख 24 हजार 800 रुपये, ‘ब’ प्रभाग परिक्षेत्र के 561 लोगों से 89 हजार 250 रुपये, ‘क’ प्रभाग परिक्षेत्र के 421 लोगों से 63 हजार 150 रुपये, ‘ड’ प्रभाग परिक्षेत्र के 677 लोगों से 1 लाख 2 हजार 400 रुपये, ‘इ’ प्रभाग परिक्षेत्र के 612 लोगों से 91 हजार 800 रुपये, ‘फ’ प्रभाग परिक्षेत्र के 737 लोगों से 1 लाख 13 हजार 150 रुपये, ‘ग’ प्रभाग परिक्षेत्र के 868 लोगों से 1 लाख 30 हजार 200 रुपये और ‘ह’ प्रभाग परिक्षेत्र के 533 लोगों से 81 हजार 650 रुपये दंड वसूल किया गया है। वहीं मनपा की पुलिस द्वारा 14 लोगों से 14 हजार रुपए दंड वसूला गया है। थुकनेवालों और बिना मास्क के घुमनेवाले 22 हजार 370 लोगों से अब तक कुल 93 लाख 67 हजार 900 रुपये दंड वसूल किया गया है।