शातिर झपटामारों से 7 लाख के जेवर व दोपहिये बरामद

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – पिंपरी चिंचवड़ पिछले कुछ दिनों से सेंधमारी और चोरियों की घटनाओं पर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार को सांगवी पुलिस ने 2 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये राह चलते महिलाओं के गले से चेन खींच कर फरार हो जाते थे। इनके पास से 15 तोला सोना और मोटारसाइकिल बरामद हुई है। इन दोनों से 12 वारदातों में शामिल होने का खुलासा हुआ है। इन्हें एक सीसीटीवी फुटेज के सहारे पकड़ा गया है।
सांगवी थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ज्ञानेश्वर साबले के मुताबिक, गिरफ्तार किये गए आरोपियों की पहचान महेश तुकाराम माने (21, निवासी पिंपले गुरव, पुणे) और गणेश हनुमंत मोटे (20, निवासी सांगवी, पुणे) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि, शातिर बदमाशों को डिटेन करने के दौरान ये दोनों बदमाश गायब पाए गए, तब उनकी जानकारी जुटाई गई। पुलिस सिपाही अरुण नरले को मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर दोनों को दबोचा गया।
सांगवी पुलिस सीसीटीवी की मॉनिटरिंग कर रही थी। इसी दौरान ये दोनों एक महिला की चेन उड़ाते नजर आये। इसके बाद इनकी गाड़ी को कैमरे से ही मोनिटर किया गया और कुछ दूर पर इन्हें पकड़ लिया गया। शुरू में तो दोनों टालमटोल करते रहे मगर कड़ाई से पूछताछ के बाद इन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया। सांगवी, चिंचवड, वाकड थानों में दर्ज तीन-तीन, चिखली, भोसरी और हिंजवडी थानों में दर्ज एक- एक कुल 12 आपराधिक मामले उजागर हुए हैं। इनके पास से 6 लाख 97 हजार 500 रुपए का माल बरामद हुआ है।