कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण के बेहद करीबी 55 वर्षीय विधायक अंतापूरकर की कोरोना से मौत, मुंबई में ली अंतिम सांस

मुंबई : कोरोना का कहर दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। मौत का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। शनिवार सुबह नांदेड़ के कांग्रेस विधायक रावसाहेब अंतापूरकर का कोरोना के कारण निधन हो गया। वे 55 वर्ष के थे। उनका मुंबई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। वहीं उन्होने अंतिम सांस ली। अंतापूरकर कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण के बेहद करीबी और काफी विश्वासी माने जाते हैं।

देगलूर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के विधायक अंतापूरकर की कोरोना रिपोर्ट कुछ दिन पहले पॉजिटिव आई थी। शुरू में उनका इलाज नांदेड़ के एक अस्पताल में किया गया। हालांकि, उनकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था,  इसलिए उन्हें मुंबई ले जाया गया। मुंबई में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

अशोक चव्हाण ने भी ट्विटर पर अंतापूरकर की मौत की खबर देते हुए दुख व्यक्त किया। उन्होने लिखा कि मेरे करीबी सहयोगी और देगलूर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक रावसाहेब अंतापूरकर का मुंबई अस्पताल में निधन हो गया है। रावसाहेब अंतापूरकर को भावपूर्ण श्रद्धांजलि और यही प्रार्थना है कि उनके परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति मिले।