54 हजार 531 संपत्तिधारकों को मिली 195 करोड़ रुपए की शास्तिकर माफी

पिंपरी। सँवाददाता : अवैध निर्माणकार्यों से मूल संपत्ति कर के तीन गुना कर बतौर शास्तिकर के वसूलने के फैसले की अमलबाजी से लेकर अब तक 86 हजार 412 अवैध निर्माणकार्यों के लिए शास्तिकर निर्धारित किया गया है। संबंधितों से 242 करोड़ 53 लाख रुपए का शास्तिकर वसूल किया गया है। राज्य सरकार ने एक हजार वर्ग फीट तक के अवैध निर्माणकार्यों के लिए शास्तिकर माफी की घोषणा की है। इसके तहत 54 हजार 531 संपत्तियों को 195 करोड़ छह लाख रुपए की माफी मिली है।
पिंपरी चिंचवड मनपा के कर संकलन विभाग द्वारा पूर्व नगरसेवक मारुति भापकर को उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक, मनपा के पास पांच लाख 14 हजार 190 संपत्ति दर्ज हैं, जिनमें चार लाख 36 हजार 285 संपत्तियां रिहायशी है। 4 जनवरी 2008 के बाद से  अवैध संपत्तियों को शास्तिकर लागू किया गया। शास्तिकर माफी की मांग जोर पकड़ने लगी तब सरकार ने पहले 600 वर्ग फीट क्षेत्र के अवैध निर्माणकार्यों को शास्तिकर से अलग किया। हालांकि 601 से एक हजार वर्ग फीट तक के अवैध निर्माणों को शास्तिकर में 50 फीसदी सहूलियत दी गई। 4 मार्च 2019 को एक हजार वर्ग फीट तक के अवैध निर्माणकार्यों को भी शास्तिकर माफी का फैसला किया गया।
शहर में कुल 86 हजार 412 अवैध निर्माणकार्यों को शास्तिकर लगाया गया है। इन संपत्तियों से शास्तिकर के रूप में 880 करोड़ 72 लाख रूपये की मांग थी। इसमें से 242 करोड़ 53 लाख रूपये ही वसूल हो सके हैं। सरकार द्वारा शास्तिकर माफी का आंकड़ा
352 करोड़ 47 लाख रूपये है। यानी अभी भी 285 करोड़ 72 लाख रूपये का शास्तिकर वसूल होना बाकी है। एक हजार वर्ग फीट के अवैध निर्माणकार्यों को शास्तिकर माफी दिए जाने से शहर के 54 हजार 531 अवैध निर्माणकार्यों को 195 करोड़ 6 लाख रुपये की राहत मिली। 1001 से 2000 वर्ग फीट क्षेत्र के 12 हजार 89 अवैध निर्माणकार्यों से 99 करोड़ 83 लाख रुपए का संपत्ति कर वसूल होनी है। इसमें 31 करोड 96 लाख रुपए शास्तिकर के बकाया है। अभी भी 45 हजार 644 संपत्ति धारक ऐसे हैं जिन्होंने अब तक कर नही चुकाया है। उनके बकाए का आंकड़ा 171 करोड़ 74 लाख रूपये है। इसमें शास्तिकर के रूप में 31 करोड़ 96 लाख रूपये बकाया है।