हिंजवड़ी में 50 लाख का गुटखा व पान मसाला बरामद

पिंपरी। सँवाददाता : राज्य में प्रतिबंध लगे रहने के बावजूद पुणे और पिंपरी चिंचवड में गुटखा और पान मसाला की बिक्री धड़ल्ले से जारी है। दो दिन पहले आईटी पार्क हिंजवड़ी से सटे जांबे गांव में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला का स्टॉक रखने के आरोप में हिंजवड़ी पुलिस ने एक व्यापारी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीबन 50 लाख रुपए का गुटखा व पान मसाला बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी का नाम महेंद्रकुमार नथुलाल राठोड (35, निवासी थेरगाव, पुणे) है। उसके खिलाफ एफडीए (फूड्स एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन) विभाग के निरीक्षक संतोष शामराव सावंत (33, निवासी पिंपले गुरव, पुणे) ने हिंजवडी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक, जांबे स्थित एक पत्राशेड में राज्य सरकार द्वारा प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला का स्टॉक रहने की जानकारी मिली थी। इसके अनुसार वहां छापा मारा गया तब वहां से 49 लाख 75 हजार 500 रुपये का गुटखा व पानमसाला का स्टॉक पाया गया। इस बारे में पूछताछ करने पर व्यापारी महेन्द्रकुमार राठौड़ कोई सटीक जानकारी नहीं दे पाया। इसके चलते एफडीए के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद पूरा स्टॉक जब्त कर राठौड़ के खिलाफ प्रतिबंधित गुटखा पान मसाला का स्टॉक रखकर सरकारी आदेश का उल्लंघन करने को लेकर मामला दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हिंजवड़ी पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।