चॉकलेट के बहाने से 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – दुष्कर्म के बढ़ते मामलों की कड़ी में एक नया मामला जुड़ने से खलबली मच गई। इसमें एक पांच साल की बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। पिंपरी चिंचवड शहर में पिंपरी के नेहरूनगर इलाके में सामने आए इस मामले में पिंपरी चिंचवड पुलिस ने एक 67 वर्षीय बुजुर्ग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शुक्रवार की दोपहर दो से ढाई बजे के बीच हुई इस वारदात में पिंपरी पुलिस ने भाऊराव ऊर्फ आप्पा बळीराम खरात (67, निवासी अण्णासाहेब मगर स्टेडियम के सामने, नेहरूनगर, पिंपरी, पुणे) नामक नराधम को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पीड़ित बच्ची की 53 वर्षीय दादी ने पिंपरी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पिंपरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की दोपहर ढाई बजे के करीब आरोपी भाऊराव खरात ने पीड़ित बच्ची को चॉकलेट देने का लालच देकर उसे अपनी किराना दुकान में बुलाया। यहां उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित बच्ची ने अपनी दादी को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने खरात को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ़ मामला दर्ज कर लिया है। फौजदार एस. एस. जाधव मामले की जांच में जुटे हैं।