उप्र के झांसी में दीवार गिरने से 5 की मौत, 7 घायल

झांसी, 4 दिसंबर (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के बरुआसागर थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन दीवार गिर जाने से मलबे में दबकर पांच मजदूरों की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। झांसी के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुभाष सिंह बघेल ने बताया कि बरुआसागर थाना क्षेत्र स्टोन क्रशर की दीवार पर कुछ मजदूर प्लास्टर कर रहे थे, तभी अचानक यह हादसा हो गया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और करीब सात लोग घायल हो गए। मरने वालों में दो पुरुष और तीन महिलाएं हैं।

घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी व डीएम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार की जानकारी ली। संबंधित थाने के सिपाही और अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

आसपास के लोगों ने बताया कि यहां स्टोन क्रशर की दीवार पर कुछ मजदूर प्लास्टर कर रहे थे, उसी दौरान यह हादसा हुआ। मौके पर राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने जिलाधिकारी (डीएम) को घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है। साथ ही घायलों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना में घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जाए और पीड़ितों को अनुमन्य आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने हादसे के शिकार लोगों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।