पिंपरी चिंचवड़ मनपा में भी 5 दिनी कार्य सप्ताह लागू

पिंपरी। सँवाददाता – महाराष्ट्र सरकार ने सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 29 फरवरी से पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की घोषणा की है। इस पृष्ठभूमि पर पिंपरी चिंचवड़ मनपा आयुक्त श्रावण हार्डिकर ने एक परिपत्र जारी किया है। इसमें मनपा अधिकारी व कर्मचारियों के लिए पांच दिन का सप्ताह लागू किया गया है। हालांकि इसमें अस्पताल, जलापूर्ति, स्कूल, दमकल जैसे अत्यावश्यक सेवाओं से जुड़े विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों को अलग रखा गया है।
केन्द्र सरकार के कर्मचारियों के बाद पांच दिवसीय कार्य सप्ताह वर्तमान में राजस्थान, बिहार, पंजाब, दिल्ली, ​तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल सरकार के कर्मचारियों के लिए लागू है। अब महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में भी इसे लागू कर दिया है। सरकार का मानना है कि नए पांच दिनी कार्य सप्ताह से न केवल कर्मचारियों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर होगी, बल्कि ईंधन और बिजली पर खर्च में भी कमी आएगी। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे द्वारा इसकी घोषणा करने के बाद पिंपरी चिंचवड़ मनपा कर्मचारी महासंघ ने भी 5 दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग की थी।
इसके अनुसार मनपा आयुक्त ने एक परिपत्र जारी कर 29 फ़रवरी से मनपा कर्मचारियों के लिए पांच दिन के सप्ताह के अमलबाजी की घोषणा की। इस परिपत्र के मुताबिक अब से हर शनिवार और रविवार को मनपा अधिकारी व कर्मचारियों के लिए अवकाश रहेगा। इसके लिए उनका रोजाना के कामकाज का समय 45 मिनट तक बढ़ा दिया गया है। इस परिपत्र के अनुसार मनपा कर्मचारियों के कामकाज का समय सोमवार से शुक्रवार सुबह साढ़े 9 से शाम साढ़े छह बजे तक का होगा। वाहनचालकों के लिए यह समय सुबह पौने आठ बजे से शाम साढ़े छह बजे तक का होगा।
दोपहर डेढ़ से दो बजे तक आधा घंटे का लंच टाइम होगा। अभी तक मनपा कर्मचारियों को हर दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी मिलती रही है। इस बदलाव से स्कूलों एवं अत्यावश्यक सेवाओं में शामिल अस्पताल, जलापूर्ति, दमकल, स्वच्छता कर्मचारियों को अलग रखा गया है। उनके कामकाज का समय पहले समान ही रहेगा। इस परिपत्र के जरिये मनपा के सूचना तकनीक विभाग को थंब बायोमेट्रिक कम्प्यूटर प्रणाली में जरूरी बदलाव करने के आदेश दिए गए हैं।