वारदात के चंद मिनटों में चोरी की कार के साथ धराए गए 4 चोर

पिंपरी। संवाददाता – कार चोरी की वारदात के बाद चंद मिनटों में ही चार चोरों को चोरी की कार व घातक हथियार के साथ धरदबोचा गया। पिंपरी चिंचवड शहर में रविवार के तड़के निगड़ी ओटास्कीम, यमुनानगर, प्राधिकरण, वाल्हेकरवाडी और चिंचवडगांव में पिंपरी चिंचवड की पुलिस के बिट मार्शल ने फिल्मी स्टाइल में पीछा करते हुए पकड़ लिया है। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने चिंचवड के थरमैक्स चौक से इंडिका कार चुराई है।
आज तड़के साढ़े तीन बजे के करीब ओटास्किम इलाके में गश्त कर रहे बीट मार्शल व यमुनानगर-अजंठानगर मार्शल नंदुर्गे को पता चला कि, तीन से चार चोर थरमैक्स चौक से एक इंडिका कार (एम एच 12 / एन बी 4037) चुराकर ले जा रहे हैं। उनके पास घातक हथियार भी हैं, यह भी उन्हें पता चला। उन्होंने पिंपरी चिंचवड पुलिस के कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी। चोर कार के साथ चिंचवड की ओर जा रहे हैं यह भी बताया गया। तकनीकी जानकारी के आधार पर प्राधिकरण बीट मार्शल को चिंचवड की रोड पर रोका गया। हालांकि तब तक चोरों ने प्राधिकरण पार कर लिया। इसके बाद चिंचवडगांव और वाल्हेकरवाडी बीट मार्शल को सूचित किया गया। पांच बीट मार्शल एक साथ चोरों का पीछा कर रहे थे। अगले कुछ मिनटों में पौने चार बजे के करीब चिंचवड के हनुमान स्वीट्स के पास चोरों को दबोचने में सफलता मिली। उनके पास से घातक हथियार भी बरामद किया गया।