अरबपति सांसद बारणे पर चार लाख का वाहन कर्ज

पिंपरी : पुणे समाचार – मावल लोकसभा चुनाव क्षेत्र से पुनः अपना नसीब आजमाने जा रहे शिवसेना सांसद श्रीरंग बारणे की संपत्ति बीते पांच सालों में 36 करोड़ 33 लाख रुपए से बढ़ी है। नामांकन के साथ पेश किए उनकी संपत्ति के ब्यौरे से यह बात सामने आई है। पिछले चुनाव के दौरान पेश किए विवरण पत्र के अनुसार उनकी चल-अचल संपत्ति 66 करोड़ 33 लाख रुपए थी जो पांच साल बाद 102 करोड़ 50 लाख रुपए तक पहुंच गई है। अरबपति सांसद रहे बारणे पर चार लाख 16 हजार 612 रूपए का वाहन कर्ज है।

नामांकन के साथ पेश किए संपत्ति के ब्यौरे के अनुसार सांसद बारणे के पास 13 करोड़ 20 लाख 88 हजार 964 रुपए की चल और 69 करोड़ 80 लाख 57 हजार 556 रुपए की अचल संपत्ति है। उनकी कुल संपत्ति 83 करोड़ एक लाख 46 हजार 520 रुपए है। जबकि उनकी पत्नी सरिता बारणे की कुल 19 करोड़ 50 लाख 63 हजार 148 रुपए की चल- अचल संपत्ति है। यह सारी संपत्ति बारणे ने अपनी पुश्तैनी खेती और कंस्ट्रक्शन के कारोबार से कमाई है। 55 वर्षीय सांसद के खिलाफ तीन राजनीतिक आंदोलनों के मामले दर्ज हैं।

संपत्ति के ब्यौरे में बारणे ने अपने पुत्र प्रताप और विश्वजीत की संपत्ति भी शामिल की है। हालांकि उनके नाम पर कोई अचल संपत्ति नहीं है। दसवीं तक पढ़े सांसद बारणे के काफिले में 96 लाख 18 हजार 415 रुपए की मर्सिडीज और टोयोटा फॉर्च्यूनर गाड़ियां है। उनके और उनकी पत्नी के पास 17 लाख 40 हजार रुपए के हीरे और अंगूठियां और 35 लाख रुपए के सोने के जेवर हैं। उनके पास 90 लाख रुपए की इम्पोर्टेड घड़ियां और मोबाइल के साथ ही सुरक्षा के लिए 35 हजार रुपए की रिवाल्वर भी है। उनकी संपत्ति में डेढ़ लाख रुपए की खेल-कूद (स्पोर्ट्स) सामग्री भी है।