पुणे संभाग में 4.89 लाख संक्रमितों ने कोरोना को हराया

पुणे। महामारी के बढ़ते संक्रमण के बीच पुणे संभाग (पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर जिलों) में करीबन 4.89 लाख संक्रमितों ने कोरोना को मात दी है। मंगलवार तक 25 लाख 98 हजार 703 लोगों की टेस्ट की गई जिसमें से कुल 5 लाख 18 हजार 757 लोग  संक्रमित पाए गए हैं। उनमें से 4 लाख 89 हजार 128 मरीजों ने महामारी को मात दी है। फिलहाल संभाग में 15 हजार 7 मरीजों का इलाज जारी है। जबकि अब तक 14 हजार 622 मरीजों की मौत हुई है।

संभागीय आयुक्त सौरभ राव के अनुसार, पुणे संभाग का रिकवरी रेट 94.29 और डेथ रेट 2.82 फीसदी है। संभाग में आज 636 संक्रमित कोरोना मुक्त हुए हैं। इसमें पुणे जिले के सर्वाधिक 375, सातारा जिले के 57, सोलापुर जिले के 126, सांगली जिले के 64 और कोल्हापुर जिले के 14 मरीज शामिल हैं। पुणे संभाग में गत 24 घँटे के भीतर महामारी के 523 नए मरीज मिले हैं। अकेले पुणे जिले के 359 मरीजों के अलावा सातारा में 42, सोलापुर में 83, सांगली में 28 और कोल्हापुर जिले में 11 नए संक्रमित मिले हैं।

पूरे देश में सबसे ज्यादा प्रभावित रहे पुणे जिले में महामारी से मरनेवालों की संख्या 8 हजार पार हो गई है। जिले में बीते 24 घण्टे के भीतर 359 नए मरीज मिले हैं जबकि 375 इलाज के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से घर लौट गए हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या तीन लाख 31 हजार 777 हो गई है। हालांकि इसमें से 3 लाख 14 हजार 447 मरीज महामारी को मात देकर अस्पताल से घर लौटने में सफल रहे हैं। फिलहाल पुणे जिले के अस्पतालों में 9242 मरीजों इलाज जारी है। अब तक 8088 मरीज महामारी की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चूके हैं। जिले में कोरोना से मृत्यु का प्रमाण 2.44 फीसदी दर्ज हुआ है जबकि रिकवरी रेट बढ़कर 94.78 फीसद हो गया है।

सातारा में आज संक्रमितों का आंकड़ा 48 हजार 892 हो गया है। इसमें से 44 हजार 743 मरीज इलाज के बाद घर लौट गए हैं जबकि 1643 मरीजों की मौत हो गई है। फिलहाल 2506 मरीजों का इलाज जारी है। सोलापुर जिले में मरीजों की संख्या 42 हजार 238 हो गई है। इसमें से 39 हजार 441 को अस्पतालों से डिस्चार्ज मिल गया है जबकि 1542 की मौत हो चुकी है। जिले के अस्पतालों में फिलहाल 2255 पॉजिटिव मरीजों का इलाज जारी है। सांगली जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा 46 हजार 121 हो गया है। इसमें से 44 हजार 42 मरीज स्वस्थ हो चूके हैं। जबकि 1682 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 397 मरीजों का इलाज जारी है। कोल्हापुर में 48 हजार 729 संक्रमितों में 1667 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां अब तक 46 हजार 455 मरीज अस्पताल से घर लौट चुके हैं। फिलहाल 607 मरीजों का इलाज चल रहा है।