झारखंड में 11 बजे तक 31.25 प्रतिशत मतदान (लीड-2)

रांची (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन –लोकसभा चुनाव के छठे चरण के तहत झारखंड में रविवार को सुबह 11 बजे तक 31.25 प्रतिशत मतदान हो चुका है। सुबह 11 बजे तक गिरिडीह में 34.43 प्रतिशत, धनबाद में 29.03 प्रतिशत, जमशेदपुर में 29.33 प्रतिशत और सिंघभूम या चाईबासा में 33.24 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके हैं।

यहां सात बजे शुरू हुआ मतदान शाम चार बजे समाप्त होगा। झारखंड में तीसरे चरण के मतदान में 66,85,401 मतदाता 67 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। राज्य में 8,300 मतदान केंद्रों के लिए सुरक्षा बलों की लगभग 200 कंपनियों को तैनात किया गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) अध्यक्ष शिबू सोरेन ने बोकारो में मतदान किया।

गिरिडीह में मुख्य मुकाबला ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (एजेएसयू) के उम्मीदवार और प्रदेश के जल संसाधन मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी तथा झामुमो के जगन्नाथ महतो के बीच है।

धनबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पी.एन. सिंह का मुकाबला भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए कीर्ति आजाद से है। इस्पात नगरी जमशेदपुर में मुख्य मुकाबला भाजपा के विद्युत बरन महतो और झामुमो के चंपई सोरेन के बीच है। सिंघभूम में भाजपा के लक्ष्मण गिलुवा का मुकाबला कांग्रेस की गीता कोडा से है।