पौने छह लाख का 22 किलो गांजा बरामद

एक गिरफ्तार; बिबवेवाड़ी पुलिस की कार्रवाई
पुणे। दोपहिया पर बोरे में भरा गांजा बेचने के लिए ले जाते वक्त पुणे की बिबवेवाड़ी पुलिस ने एक युवक को धरदबोचा है। उसके पास से 22 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत पौने छह लाख रुपए बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने निसार मोदीन जमादार (25, निवासी लोणी कालभोर, पुणे मूल निवासी उस्मानाबाद) है। उसके खिलाफ बिबवेवडी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
बिबवेवाड़ी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुणे में शातिर और वांटेड बदमाशों की जानकारी हासिल कर उन पर शिकंजा कसा जा रहा है। इस मुहिम में जुटे बिबवेवाडी पुलिस की डिटेक्शन ब्रांच (डीबी) के प्रमुख सहायक पुलिस निरीक्षक राजेश उसगावकर और उनकी टीम पैट्रोलिंग कर रही थी। रात 12 बजे के करीब आई माता मंदिर परिसर के गोयल गार्डन के सामने एक युवक दोपहिया पर बोरे के साथ खड़ा नजर आया। शक की बुनियाद पर पुलिस टीम उससे पूछताछ करने गई तो वह भागने लगा। हालांकि पुलिस ने पीछा करते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में वह टालमटोल करने लगा। जब उसके दोपहिया पर रखे बोरे की तलाशी ली गई तब उसमें गांजा पाया गया। इसके अनुसार उसे गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उसके पास से 22 किलो 44 ग्राम गांजा बरामद किया जिसकी कीमत 5 लाख 77 हजार रुपए बताई गई। अदालत ने आरोपी को 20 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया है। अब पुलिस यह जानने में जुटी है कि उसने इतना सारा गांजा कहां से और किसके पास से लाया और कहां बेचने वाला था। इस कार्रवाई को पुलिस उपायुक्त नम्रता पाटील के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनील झावरे, सहायक निरीक्षक राजेश उसगावकर, शाम लोहोमकर, अमित पुजारी, सतीश मोरे के समावेश वाली टीम ने अंजाम दिया।