केरल में बाढ़ की तबाही में बह गए 20 हजार करोड़

रुवनंतपुरम। समाचार एजेंसी

विनाशकारी बाढ़ के बाद केरल में बारिश से फिलहाल राहत है। राहत और बचाव कार्यों के साथ राज्य को वापस खड़ा करने की कोशिशें भी की जाने लगी हैं। हालांकि, यह बड़ी चुनौती साबित होने वाली है। क्योंकि बाढ़ का पानी निकलने के बाद राज्य में हुए नुकसान का आकलन करने से पता चलता है कि कितना बड़ा पहाड़ सामने खड़ा है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि राज्य को करीब 20,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 87 साल के दौरान अगस्त के महीने में ऐसी मूसलाधार बारिश पहली बार हुई है। राज्य ने 100 साल में पहली बार ऐसी बाढ़ देखी है जिसका मंजर भूलना बिलकुल आसान नहीं होगा। इस बाढ़ में सबसे बड़ा नुकसान तो लोगों के रूप में ही हुआ है। अब तक करीब 300 लोगों की जान जा चुकी है और 10.78 लाख से भी अधिक लोग विस्थापित हो गए हैं। इन लोगों को 5645 राहत शिविरों में रोका गया है। वहीं 40 हजार हेक्टेयर से भी अधिक की फसलों का नुकसान हो चुका है। 26 हजार से भी अधिक मकान तहस-नहस हो गए हैं। इंसानों के साथ ही करीब 46 हजार मवेशी और दो लाख से अधिक पोल्ट्री (मुर्गी आदि) का नुकसान हुआ है।
बाढ़ ने राज्य के इन्फ्रास्ट्रक्चर की कमर किस हद तक तोड़ दी है? इसका पता इस बात चलता है कि लगभग एक लाख किलोमीटर सड़कें तबाह हो चुकी हैं। इनमें 16 हजार किलोमीटर लोक निर्माण विभाग और 82 हजार किलोमीटर स्थानीय सड़कें शामिल हैं। साथ ही 134 पुल भी बुरी तरह ध्वस्त हैं। अगर इस तबाही की कीमत लगाई जाए तो अब तक राज्य को कुल 19 हजार 512 करोड़ का नुकसान झेलना पड़ा है। औद्योगिक क्षेत्र की सर्वोच्च इकाई एसोचैम के मुताबिक यह नुकसान 20 हजार करोड़ का है। सबसे ज्यादा पर्यटन को हुआ है जो राज्य की जीडीपी में 1/10 योगदान देता है। पहले से ही निपास वायरस के कारण नुकसान झेल रहे पर्यटन पर बाढ़ की दोहरी मार पड़ी है। करीब 80% बुकिंग कैंसल की जा चुकी हैं। साथ ही पर्यटन में काम आने वाले इन्फ्रास्ट्रक्चर भी बुरी तरह ढहा है। इसे दोबारा खड़े होने में कई साल लग सकते हैं।

पर्यटन के अलावा चाय, कॉफी, इलायची और रबड़ के कारण खेती से भी राज्य का करीब 10% जीडीपी आता है। खेतों को हुए नुकसान से किसानों और राजस्व को बड़ी चोट खानी पड़ी है। भूस्खलन के कारण कृषि में हुए 600 करोड़ नुकसान में से चाय के बागानों को 150 से 200 करोड़ का नुकसान हुआ है। सड़कों के टूटने से कराीब 13 हजार करोड़ और पुलों के ढहने से 800 करोड़ रुपये का नुकसान अनुमानित है। सदी की सबसे भयानक त्रासदी में हुए नुकसान से निपटने के लिए केरल को बड़ी आर्थिक सहायता की जरूरत पड़ेगी। इस साल राज्य के बजट में इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए 11 हजार करोड़ रुपये तय किए गए थे। बाढ़ के बाद केंद्र सरकार ने 500 करोड़ रुपये की मदद दी है। लोगों के व्यक्तिगत बीमा से 500 करोड़ रुपये की मदद भी मिल सकती है। कोच्चि एयरपोर्ट का भी 2,500 करोड़ का बीमा कवर है लेकिन क्लेम की राशि इससे कम बताई जा रही है। इन सबके अलावा देश-दुनिया से मिल रहे डोनेशन से भी मदद मिलने की उम्मीद है। हांलाकि अभी तक पूरे नुकसान का अलग से आकलन नहीं किया गया है।