22 दिन में खोद डाला 20 फीट का कुआं, घर का ही नहीं बल्कि गांव भर की बुझेगी प्यास

पुणे : ऑनलाइन टीम – महाराष्ट्र के वाशिम जिले में एक परिवार ने लॉकडाउन के दौरान अनोखा काम कर दिखाया। दरअसल यहां रहने वाले एक शख्स ने पानी की कमी को देखते हुए अपने घर में ही 20 फीट का कुआं खोद डाला। जानकारी के मुताबिक, यह कुआं सिर्फ 22 दिनों में खोदा गया है। बताया जा रहा है कि यह कुआं अभी और गहरा खोदा जाएगा।

घर के साथ अब गांव भर के लोगों को पानी मिलेगा। यह चमत्कार करने वाले शख्स का नाम रामदास फोफले है। वाशिम जिला महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित जिलों में शामिल है। इस काम में पत्नी और बेटे ने भी रामदास फोफले का पूरा साथ निभाया। आज घर में पानी की दिक्कत दूर हुई है। इस परिवार ने तय किया है कि वे गांव भर की दिक्कत दूर करेंगे। कुआं अभी और 5-10 फीट गहराई तक खोदेंगे जिससे ना सिर्फ इनके घर को पानी मिलेगा, बल्कि गांव भर को पानी मिलेगा।

रामदास फोफले लॉकडाउन में जब घर पर समय बिता रहे थे, तब दिन भर कुछ खास काम नहीं होता था. या तो लॉकडाउन के दिनों को गपशप करके बिताया जा सकता था या ऐसी असाधारण परिस्थिति में कुछ असाधारण करके दिखाया जा सकता था। इससे पहले भी पिछले साल के अप्रैल महीने में लॉकडाउन का ही वक्त था। राज्य भी महाराष्ट्र ही था, जिला भी वाशिम ही था। यहां कर्खेदा गांव के निवासी गजानन पकमोड और उनकी पत्नी पुष्पा ने 21 दिन के लॉकडाउन में 25 फुट गहरा कुआं खोदा था।