पश्चिम महाराष्ट्र में 1 दिन में बढ़े 1884 कोरोना के मरीज

पुणे। महामारी कोरोना का प्रकोप कहीं थमता नजर नहीं आ रहा है। पूरे पश्चिम महाराष्ट्र यानी पुणे संभाग (पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर) में 24 घँटे के भीतर कोरोना के 1884 नए मरीज मिले हैं। इसमें अकेले पुणे जिले के 1600 मरीजों के अलावा सातारा में 119, सोलापुर में 104, सांगली में 17 और कोल्हापुर जिले में 44 नए संक्रमित मरीजों का समावेश है। पूरे संभाग में आज कुल 1214 संक्रमित कोरोना मुक्त हुए हैं। इसमें अकेले पुणे जिले के 1083 मरीज शामिल हैं। इसके अलावा सातारा जिले के 18, सोलापुर जिले के 101, सांगली जिले के 7 और कोल्हापुर जिले के 5 मरीज शामिल हैं।

पुणे के संभागीय आयुक्त सौरभ राव के अनुसार, पूरे पुणे संभाग (पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर) में रिकवरी रेट 95.29 व डेथ रेट 2.64 फीसदी दर्ज हुआ है। संभाग में संक्रमित मरीजों की संख्या 6 लाख पार हो गई है। अब तक 40 लाख 65 हजार 153 लोगों की टेस्ट की गई है। उनमें से अब तक 6 लाख 18 हजार 655 संक्रमित पाए गए हैं। उनमें से 5 लाख 89 हजार 510 मरीजों ने महामारी को मात दी है। फिलहाल 12 हजार 804 मरीजों का इलाज जारी है। जबकि अब तक 16 हजार 341 मरीजों की मौत दर्ज हुई है।

पुणे जिले में नए से 1083 मरीज कोरोनामुक्त

पुणे जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 4 लाख पार कर गया है। बीते 24 घँटे में जिले में 1600 संक्रमित पाए जाने से चिंता बढ़ गई है। हालांकि नए से 1083 महामारी को मात देकर अस्पताल से घर लौट गए। जिले में कोरोना के संक्रमितों का आंकड़ा 4 लाख 8 हजार 53 तक पहुंच गया है, जिसमें से 3 लाख 88 हजार 610 मरीज अस्पताल से घर लौट गए हैं। फिलहाल अस्पतालों में 10 हजार 295 मरीजों का इलाज जारी है। अब तक 9148 मरीजों की मौत दर्ज हुई है। जिले में कोरोना से मृत्यु का प्रमाण 2.24 फीसदी दर्ज हुआ है जबकि रिकवरी रेट 95.24 फीसद रह गया है।

अन्य जिलों की आबोहवा

सातारा जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा 58 हजार 723 हो गया है। इसमें से 55 हजार 717 मरीज इलाज के बाद घर लौट गए हैं जबकि 1850 मरीजों की मौत हो गई है। फिलहाल 1156 मरीजों का इलाज जारी है। सोलापुर जिले में मरीजों की संख्या आज 52 हजार 950 हो गई है। इसमें से 50 हजार 216 को अस्पतालों से डिस्चार्ज मिल गया है जबकि 1841 की मौत हो चुकी है। जिले के अस्पतालों में फिलहाल 893 पॉजिटिव मरीजों का इलाज जारी है। सांगली जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा 48 हजार 492 हो गया है। इसमें से 46 हजार 567 मरीज स्वस्थ हो चूके हैं। जबकि 1758 मरीजों की मौत हो चुकी है। जिले में अभी 167 मरीजों का इलाज जारी है। कोल्हापुर में 50 हजार 437 संक्रमितों में 1745 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां अब तक 48 हजार 400 मरीज अस्पताल से घर लौट चुके हैं। अभी 293 मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।