उत्तर प्रदेश के कानपुर में बस और टेम्पो की टक्कर में 17 लोगों की मौत; मोदी-योगी ने मदद का किया ऐलान

कानपुर: ऑनलाइन टीम- उत्तर प्रदेश के कानपुर में बस और टेम्पो की टक्कर में 17 लोगों की मौत हो गई। सचेंडी पुलिस ने बताया कि मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे हुई इस दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को इलाज के लिए लाला लाजपत राय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

‘दो वाहनों की टक्कर के बाद बस पलट गई। यह बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। चार घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है,’ यह जानकारी कानपुर पुलिस निरीक्षक मोहित अग्रवाल ने दी। घायल कानपुर जिले के सचेंडी के हैं। घायलों में कई यहां की एक बिस्किट फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर हैं। मोहित ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब मजदूर काम के लिए फैक्ट्री जा रहे थे। मोहित ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

कानपुर के पुलिस आयुक्त असीम अरुण के मुताबिक उत्तर प्रदेश के उन्नाव से मजदूरों को एक निजी बस गुजरात ले जा रही थी। अरुण ने बताया कि टक्कर में टेंपो में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस की दो टुकड़ियां मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने भर्ती होने से पहले ही 10 लोगों को मृत घोषित कर दिया। सात की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अन्य घायलों की हालत भी नाजुक है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर संज्ञान लिया है और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मामले में तत्काल मदद करने और घायलों का इलाज करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी ने दुर्घटना के कारणों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे में मारे गए और घायल लोगों के लिए मदद की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय के ट्विटर हैंडल पर दी गई जानकारी के अनुसार, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश की दुर्घटना में मरने वाले हर व्यक्ति के परिजनों के लिए राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की घोषणा की है। घायलों को 50,000 रुपये की मदद दी जाएगी।