दो शातिरों से 5 लाख की 15 दोपहिया बरामद

पिंपरी। संवाददाता : वाहनचोरी की बढ़ती वारदातों की रोकथाम में जुटी पिंपरी चिंचवड़ की हिंजवड़ी पुलिस के डीबी (डिटेक्शन ब्रांच) ने पेट्रोलिंग के दौरान दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनसे पांच लाख रुपए की 15 दोपहिया बरामद की है। उनसे चार पुलिस थानों में दर्ज नौ वारदातें उजागर हुई है। उनके नाम आमीन महेबूब शेख (22, निवासी पिंपले निलख, पुणे), रियाझ सिकंदर शेख (22, निवासी भुकूम, मुलशी, पुणे) हैं।
हिंजवड़ी थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक यशवंत गवारी से मिली जानकारी के अनुसार, डीबी के प्रमुख अनिरुद्ध गिजे और उनकी टीम ने पेट्रोलिंग के दौरान उक्त दो आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने हिंजवडी, भोसरी, चतुःशृंगी और चिंचवड पुलिस थानों की सीमा में वाहनचोरी की नौ वारदातें स्वीकारी। उनसे पांच लाख 15 हजार रुपए की कुल 15 दोपहिया बरामद की गई हैं। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई को हिंजवड़ी थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक यशवंत गवारी, पुलिस निरीक्षक (क्राइम) अजय जोगदंड, डीबी के उपनिरीक्षक अनिरुद्ध गिजे, कर्मचारी महेश वायबसे, किरण पवार, विवेक गायकवाड़, कुणाल शिंदे, आतिक शेख, हनुमंत कुंभार, सुभाष गुरव, विकी कदम, चन्द्रकांत गडवे, झनक गुमलाड़ू, श्रीकांत चव्हाण, अमर राने, आकाश पांढरे, अली शेख आदि के समावेश वाली टीम ने अंजाम दिया।