बाढ़ से जापान में अबतक 112 लोगों की मौत

टोक्यो। समाचार ऑनलाइन

जापान में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ से अब तक 112 लोगों कि मौत हो चुकी है। वहीं 50 से अधिक लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। सबसे ज्यादा मौतें हिरोशिमा में हुई हैं। जापान के मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘हमने कभी भी ऐसी भीषण बारिश नहीं देखी है।’

तीन गुना अधिक बारिश हुई

पश्चिमी जापान के ज्यादातर इलाकों में गुरुवार से लगातार बारिश हो रही है। अबतक यहां जुलाई के महीने में होने वाली बारिश की तीन गुना बारिश हो चुकी है। राहतकर्मियों का दल पानी और दलदल के बीच बारिश में फंसे लोगों की मदद कर रहा है।

20 लाख लोग विस्थापित हुए

मूसलधार बारिश से देश में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से करीब 20 लाख लोगों अबतक विस्थापित हो चुके हैं। एक स्थानीय निवासी ने कहा, मैंने अपने 40 साल की उम्र में इतनी भयानक बाढ़ नहीं देखी।’

बचाव कार्य में तैनात 40 हेलीकॉप्टर

चीफ कैबिनेट योशिदी सुगा ने बताया कि राहत और बचावकार्य में 40 के करीब हेलिकॉप्टर लगे हुए हैं। पश्चिम जापान के हालात अधिक खराब हैं। कुछ गांव पूरी तरह डूब गए है, यहां मदद पहुंचने तक लोगों ने अपने घरों की छतों पर पनाह ली है।
प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा, बचाव अभियान, लोगों की जान बचाना और विस्थापन का कार्य समय के खिलाफ एक लड़ाई है।