हर ग्राम पंचायत में 10 हजार पेड़ लगाए जाएंगे

पुणे : समाचार ऑनलाईन – राज्य सरकार ने इस वर्ष 33 करोड़ वृक्ष लगाने की महत्वाकांक्षी योजना के एक भाग के तौर पर ग्राम सामाजिक परिवर्तन प्रतिष्ठान व वन विभाग के जरिये राज्य की हर ग्राम पंचायत में कम से कम 10 हजार वृक्ष लगाने व उसकी देखभाल करने की योजना बनाई है। इसके लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला अभियान परिषद की स्थापना की गई है।
राज्य में 2017 से 2019 के इन 3 वर्ष की अवधि में 50 करोड़ वृक्ष लगाने का काम जारी है। इसके तहत इस वर्ष 1 जुलाई से 30 सितंबर इन तीन महीनों में 33 करोड़ वृक्ष लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के अलावा निरंतर विकास के जरिये गांवों को सक्षम बनाने हेतु ग्राम सामाजिक परिवर्तन अभियान पर अमल किया जा रहा है। इस अभियान के नियामक मंडल के अध्यक्ष मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हैं। इसके लिए संबंधित जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला अभियान परिषद की स्थापना की गई है।
ग्रामीण सामाजिक परिवर्तन प्रतिष्ठान द्वारा चुने गए गांवों का सर्वांगीण विकास प्राइवेट और सार्वजनिक कंपनियों व वित्तीय संस्थाओं के सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत और केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के जरिये होगा। इसके लिए हर गांव में ग्राम परिवर्तक (रूरल फेलोज) की नियुक्ति की जाएगी। हर गांव ग्राम प्रतिष्ठान की 3 वर्षों में 10 हजार वृक्ष लगाने व उसकी देखभाल करने की जिम्मेदारी है। साथ ही गांवों में ईको विलेज समिति, जैव विविधता समिति होगी।
विभिन्न कार्यक्रमों में कृषि, जलयुक्त शिवार, राष्ट्रीय हरित सेना के जरिये वृक्षों का संवर्धन करने, स्कूलों में ईको क्लब स्थापित करने, नदी किनारे वृक्ष लगाने और कन्या वन समृद्धि योजना होगी। वृक्षों को लगाने और उसके संवर्धन के लिए एक करोड़ स्वयंसेवकों ने हरित सेना स्थापित करने का निर्णय लिया है। यहां 8वीं के बाद डॉक्टर, इंजीनियर, आईटी विशेषज्ञ, सरकारी अधिकारी/कर्मचारी, ग्रामीणों को रजिस्ट्रेशन कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। अब तक राज्य में 60 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।