2 मशहूर बिल्डरों समेत 10 के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – अग्रीमेंट का उल्लंघन कर दुकानों की परस्पर बिक्री करने को लेकर पिंपरी चिंचवड़ शहर के दो मशहूर बिल्डरों समेत 10 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। इसमें अग्रवाल- पंजाबी असोशिएटस नामक कंपनी के बिल्डर विजय अग्रवाल और मोती पंजाबी शामिल हैं। उनके खिलाफ गोपीचंद जोधाराम देवनानी (72, निवासी पिंपरी) ने पिंपरी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। यह पूरी घटना 23 नवंबर 2011 से इस साल 11 नवंबर के बीच घटी है।
मामला दर्ज किए गए आरोपियों में बिल्डर विजय जगदिशप्रसाद अग्रवाल (61), मोती उदाराम पंजाबी (61, दोनों निवासी थेरगांव, पुणे), विनीता ऊर्फ कविता नरेश लिलानी (46), भारती सी. रायचंदानी (38), बरखा हरेश देवनानी ऊर्फ कनिष्का अभिषेख नागरानी (35), अंजु ऊर्फ अंजना पवन देवनानी (46), पवन लखीमल देवनानी (51), साहिल पवन देवनानी (20), अमन पवन देवनानी (22, सभी निवासी पीडब्ल्यूडी 9/10 पिपंरी कालोनी, पिंपरी, पुणे), प्रिति ऊर्फ रेवा हरेश देवनानी (65, निवासी गणेश पार्क, पिंपले सौदागर, पुणे) शामिल हैं।
पिंपरी पुलिस के मुताबिक, गोपीचंद देवनानी और उनके रिश्तेदारों ने पिंपरी वाघेरे स्थित सर्वे नं 211 व सीटीएस नं. 2521/1 से 2521/22 जमीन डेवलपमेंट के लिए अग्रवाल पंजाबी असोशिएटस कंपनी को दी थी। बिल्डर विजय अग्रवाल, मोती पंजाबी ने जमीन की मांग की थी। इस जमीन पर डिलक्‍स फॉरच्युन मॉल बनकर तैयार होने के बाद देवनानी को मॉल की पहली मंजिल पर शॉप न 107, दूसरी मंजिल पर शॉप नं 209 और तीसरी मंजिल पर शॉप नं 309 कुल तीन दुकानें बिना किसी मुआवजे के देने की बात कही और वैसा लिखित रूप से भी दिया।
इसके अलावा गोपीचंद देवनानी को बतौर नुकसान भरपाई के हर माह 65 हजार रुपए देने की बात भी तय की गई। इस बारे में 23 नवंबर 2011 को लखीमल हरदासमल देवनानी, पवन लखीमल देवनानी, प्रिति ऊर्फ रेखा हरेश देवनानी, अग्रवाल पंजाबी असोशिएट्‌स कंपनी की ओर से विजय अग्रवाल, मोती पंजाबी और गोपीचंद देवनानी के बीच समझौता करार किया गया। इसके बाद देवनानी ने अपनी जमीन बिल्डरों के कब्जे में दी। देवनानी के रिश्तेदार व बिल्डर ने डिड ऑफ कन्फरमेशन भी किया। इसके बाद भी उनकी दुकानों का कब्जा न देते हुए उनकी परस्पर बिक्री कर दी। इस तरह से देवनानी के साथ यह धोखाधड़ी की गई। बहरहाल इस बारे में मामला दर्ज करने के बाद पिंपरी पुलिस छानबीन में जुट गई है।