हैती में राजनीतिक संकट के बीच संरा का शांति मिशन समाप्त

संयुक्त राष्ट्र, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)| हैती में बिगड़ते हालात के बीच संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन का मैंडेट समाप्त हो गया है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, सुरक्षा परिषद ने मंगलवार को हैती में संयुक्त राष्ट्र मिशन फॉर जस्टिस सपोर्ट (एमआईएनयूजेयूएसटीएच) पर अपनी अंतिम चर्चा की। यह चर्चा हैती में संयुक्त राष्ट्र के एकीकृत कार्यालय (बीआईएनयूएच) (एक विशेष राजनीतिक मिशन) में इसके बदलाव के पहले हुई।

संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों के अंडर सेकट्रेरी जीन-पियरे लैक्रोइक्स ने परिषद को बताया कि देश एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संकट का सामना कर रहा है, जो सामाजिक आर्थिक चुनौतियों से जुड़ा हुआ है।

हैती में, पिछले कुछ हफ्तों में विरोध प्रदर्शन तेजी से बढ़े हैं। हालिया प्रदर्शनों में 17 लोगों के मरने और 200 से अधिक के घायल होने की सूचना है। 11 अक्टूबर को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच भिड़ंत से ये प्रदर्शन दंगों में बदल गए। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति निवास के पास एक बैरिकेड को तोड़ने का प्रयास किया।

विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व करने वाले कई विपक्षी समूहों ने कहा है कि वे तब तक नहीं रुकेंगे जब तक कि हैती के राष्ट्रपति जोवेनल मॉइज सत्ता से बेदखल नहीं हो जाते।

हैती में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन की शुरुआत 2004 में हुई थी, जो बिगड़ती राजनीतिक और सुरक्षा स्थिति के चलते शुरू की गई थी। लैक्रोइक्स ने कहा कि इस वक्त शांति मिशन को समाप्त करने के लिए यह उचित समय नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि एमआईएनयूजेयूएसटीएच हैती से संयुक्त राष्ट्र के प्रस्थान को नहीं दर्शाता है।

लैक्रोइक्स ने कहा कि इसके विपरीत, संगठन नए बीआईएनयूएच को ट्रांजिशन के दौरान मजबूत समर्थन प्रदान करना जारी रखेगा।