स्मार्ट सिटी से पुणे बनेगा फ्यूचर रेडी : जगताप

पुणे: शहर में वैश्विक दर्जा की मूलभूत सुविधा मुहैया कराने के लिए प्रयास किए जा रहे है। शहर को फ्युचर रेडी बनाने के उद्देश से स्मार्ट सिटी परियोजना पर अमल किया जा रहा है। यह जानकारी पुणे स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. राजेंद्र जगताप ने इन्स्टिट्यूशन आॅफ इंजीनियर्स के पुणे लोकल सेंटर के हीरक महोत्सव के अवसर पर पुणे स्मार्ट सिटी परियोजना: मौजूदा स्थिति और चुनौती विषय पर आयोजित सेमिनार में दी।

डॉ़ जगताप ने आगे कहा कि, पुणे को फ्यूचर रेडी शहर बनाने के लिए स्मार्ट सिटी परियोजना पर अमल किया जा रहा है। शहर में मेट्रो, बीआरटीएस, पुणे पब्लिक साइकिल, शेयरिंग सेवा, झोपड़पट्टी निवास, समान जलापूर्ति योजना, नदी परिसर विकास और कचरा प्रबंधन पर अमल किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत 51 परियोजना पर चरणबद्ध तरीके से अमल किया जा रहा है। इसके लिए 2932 करोड़ रुपए की लागत अपेक्षित है।

यहां प्रमुख अतिथि के तौर पर उपस्थित उद्योगपति पद्मश्री अरुण फिरोदिया ने कहा कि, शहर को स्मार्ट बनाने के पहले भीड़ को नए ग्रीन फिल्ड क्षेत्र की ओर से ले जाना होगा। शहर में कचरे की समस्या गंभीर बनती जा रही है। इसका निपटारा करने के लिए निजी कंपनियों की मदद लेनी चाहिए। इसके माध्यम से तीन सालों में शहर कचरा मुक्त होगा। इस अवसर पर डॉ. सुरेखा देशमुख, डॉ. गिरीश मुंदडा, अविनाश निघोजकर, वसंत शिंदे उपस्थित थे।