स्थायी समिति में भाजपा के 6 व राष्ट्रवादी के 2 सदस्यों की एंट्री

पिंपरी चिंचवड़ : पुणे समाचार

स्थायी समिति में नए से नियुक्त किये जानेवाले सदस्यों के बारे में सत्ताधारी भाजपा के स्थानीय नेताओं में एकमत होने के बाद आज आखिकार नई नियुक्तियों का रास्ता आसान बन सका। आज हुई सर्व साधारण सभा में भाजपा के 6 और राष्टवादी कांग्रेस के 2 नए सदस्यों की नियुक्ति हो गयी। अब स्थायी समिति के नए अध्यक्ष की ओर निगाहें गड गई हैं।

महापौर नितिन कालजे की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई सभा में सभागृह नेता एकनाथ पवार ने भाजपा सदस्यों के नामों की सूची सौंपी। इसके अनुसार शीतल उर्फ विजय शिंदे, ममता गायकवाड़, सागर आंघोलकर, राहुल जाधव, विलास मडेगीरी, नम्रता लोंढे की नए सदस्यों के तौर पर घोषणा की गई। इसके बाद विपक्षी दल के नेता योगेश बहल ने राष्ट्रवादी कांग्रेस के सदस्यों के नामों की सूची सौंपी। इसके अनुसार गीता मंचरकर और प्रज्ञा खानोलकर के नियुक्ति की घोषणा की गई।

ड्रा के जरिए मौजूदा अध्यक्षा सीमा सावले समेत 8 सदस्य स्थायी समिति से बाहर हो गए। इन रिक्त सीटों पर नए सदस्यों की नियुक्ति की जानी थी। पिछले सप्ताह सत्ताधारी भाजपा नेताओं में सदस्यों के नामों को लेकर एकमत न हो सकने के कारण सभा स्थगित करने की नौबत आई थी। अब जबकि नए सदस्यों की नियुक्ति हो चुकी है अतः अब 7 मार्च को अध्यक्ष पद के चुनाव की ओर उत्सुकता बढ़ गई है।