सोलापुर पेट्रोल पंप लूट मामले में नई जानकारी

लूट की रपट लिखवाने वाले पुलिस अधिकारी ने की आत्महत्या

सोलापुर : पुणे समाचार
पेट्रोल पंप से नकद पाँच लाख रुपए लूट लिए जाने की शिकायत करने वाले फरियादी सहायक फौजदार मारुति लक्ष्मण राजमाने (56 साल, विद्यानगर, शेलगी, सोलापुर) ने बुधवार सुबह शेलगी पूल, तुलजापुर रोज से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस विभाग में इस घटना से हड़कंप मच गया है और लूट के मामले की नए सिरे से जाँच लाज़मि लग रही है।

शहर पुलिस के पेट्रोल पंप के इनचार्ज सहायक फौजदार मारुति राजमाने ने शिकायत की थी कि रविवार आधी रात पेट्रोल पंप से लगभग पाँच लाख रुपए नकद राशि छह अज्ञात लूटेरों ने जोरजबर्दस्ती से छीनी और लूट कर फरार हो गए। जेलरोड पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद उसे जोड़भावी पेठ पुलिस थाने में वर्गीकृत किया गया।

पुलिस की लाखों रुपए की राशि लूटे जाने से पुलिस आयुक्त से लेकर सभी अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया था और रात-दिन एक कर पुलिस जाँच कर रही थी। दरमियान फरियादी राजमाने ने पूछताछ में तीन बार लूट की वारदात का स्थान अलग-अलग बताया था। जिसके कारण एक पुलिस थाने में दर्ज अपराध को दूसरे थाने में वर्गीकृत करना पड़ा। घटना वाली रात ही पुलिस अधिकारियों ने राजमाने से कई सवालात पूछे। राजमाने के घर की तफ्तीश की गई, जहाँ उन्हें लगभग दो लाख रुपए नकद मिले। यह नकद राशि किसकी थी और कहाँ से उसके पास आई इसकी जाँच पुलिस महकमा कर रहा था। चर्चा थी कि इसमें से कुछ राशि पेट्रोल पंप की ही थी। बुधवार सुबह राजमाने घर से मॉर्निंग वॉक का कहकर बाहर निकले और शेलगी पूल से कूदकर जान दे दी। पुलिस घटना स्थल पर पहुँच गई है।