सोनिया 18 अक्टूबर को हरियाणा में रैली को संबोधित करेंगी

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)| हरियाणा में प्रचार के समाप्त होने से एक दिन पहले 18 अक्टूबर को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी राज्य में एक रैली को संबोधित करेंगी। रैली कहां होगी, इसका निर्णय अभी नहीं हुआ है लेकिन इसके महेंद्रगढ़ में होने की संभावना है। यहां कांग्रेस का 2014 के विधानसभा चुनाव में खाता नहीं खुला था।

महेंद्रगढ़ में कांग्रेस के पूर्व विधायक राव दान सिंह को भाजपा के रामबिलास शर्मा के खिलाफ खड़ा किया गया, जिन्होंने 2014 में सिंह को हराया था।

2000 से 2009 तक इस विधानसभा सीट पर दान सिंह जीतते आए। 2014 में अटेली और नारनौल की अन्य दो सीटें भी भाजपा ने जीती थीं।

इसके अलावा सोनिया गांधी महाराष्ट्र में भी प्रचार करेंगी। पार्टी राज्य में शरद पवार के साथ एक संयुक्त रैली आयोजित करने की कोशिश कर रही है लेकिन अभी तक इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है।

पार्टी के एक नेता ने कहा कि प्रचार के लिए तीन दिनों का समय रह गया है और अब लगता है कि सोनिया गांधी पार्टी के लिए प्रचार नहीं कर पाएंगी।

इसके बजाय, पार्टी ने मुंबई में मनमोहन सिंह को शहर के शीर्ष व्यापारियों और प्रतिष्ठित नागरिकों से मिलने के लिए तैयार किया है।

कांग्रेस उम्मीद कर रही है कि पूर्व प्रधानमंत्री सरकार की आर्थिक नीति के खिलाफ मजबूत आवाज उठाएंगे।