सोनिया गांधी मच्छरों से हुईं परेशान, कांग्रेस का अधिवेशन छोड़कर बीच में ही चली गईं बाहर

नई दिल्ली: दिल्ली में नगर निगम यानी एमसीडी पर बीजेपी का कब्जा है। वही नगर निगम जिसका काम है दिल्ली में मच्छरों की रोकथाम। लेकिन एमसीडी में बैठी बीजेपी ने अपना काम ठीक से किया नहीं औऱ परेशानी हो गई सोनिया गांधी को। इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में कांग्रेस का 84वां अधिवेशन चल रहा था। कांग्रेस के तमाम बड़े नेता मौजूद थे। 2019 लोकसभा चुनाव के लिए प्लानिंग की जा रही थी। इस बीच कांग्रेस के लिए बीजेपी से बड़ी मुश्किल स्टेडियम में मौजूद मच्छर बन गए। मच्छरों से सोनिया गांधी इतनी परेशान हुईं कि उन्हें अधिवेशन को बीच में छोड़ना पड़ा।
मच्छरों से बचने के लिए लगाई क्रीम

मच्छरों ने कांग्रेसी नेताओं समेत सोनिया गांधी को परेशान कर दिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सोनिया की परेशानी देखकर अर्चना डालमिया ने सलाह दी कि मैडम अपना हाथ शॉल के अंदर रख लीजिए। कुछ देर बार सोनिया के लिए मच्छर भगाने वाली एक क्रीम भी मंगाई गई। लेकिन सोनिया गांधी को राहत नहीं मिली। इसलिए कुछ देर के लिए वो अधिवेशन से बाहर चली गईं। मच्छरों के प्रकोप पर कांग्रेस मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि तीन बार फॉगिंग कराने के बाद भी मच्छर कम नहीं हुए।

दिल्ली सालों से झेल रही डेंगू का डंक

यही मच्छर दिल्ली में हर साल डेंगू फैलाते हैं। सैकड़ों लोग बीमार पड़ते हैं। कई की मौत होती है। लेकिन एमसीडी है कि सुधरती नहीं। पिछले कई सालों से गर्मियों और बरसात में दिल्ली में मच्छरों का भयंकर प्रकोप हो जाता है। डेंगू के कारण तो दिल्ली के अस्पतालों में बेड मिलना मुश्किल हो जाता है। पिछले साल ही सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी को डेंगू हो गया था। मच्छरों से परेशान होकर सोनिया गांधी तो स्टेडियम से बाहर चली गईं लेकिन जरा सोचिए यहां प्रैक्टिस करने वाले खिलाड़ियों का क्या हाल होता होगा। एमसीडी और स्टेडियम की देखरेख करने वाले स्पोर्ट्स अथॉरिटी को शायद अब मामले की गंभीरता समझ में आए।