सैलजा बनी हरियाणा कांग्रेस प्रमुख, हुड्डा बने विधायक दल के नेता

नई दिल्ली, 4 सितम्बर (आईएएनएस)| आगामी हरियाणा विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस ने बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा को राज्य पार्टी प्रमुख की कमान सौंपी। इसी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को कांग्रेस विधायक दल का नेता और चुनाव समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हरियाणा कांग्रेस प्रभारी गुलाम नबी आजाद के साथ पार्टी महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने इसकी घोषणा की।

मीडिया से बात करते हुए आजाद ने कहा, “कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी ने हरियाणा कांग्रेस प्रमुख के लिए कुमारी शैलजा की नियुक्ति को मंजूरी दी है।”

उन्होंने कहा, “हुड्डा को सीएलपी नेता के साथ विपक्ष का नेता बनाया गया है। इसी के साथ उन्हें चुनाव समिति का अध्यक्ष भी बनाया गया है।”

इन नियुक्तियों के साथ ही हरियाणा राज्य इकाई के पूर्व प्रमुख अशोक तंवर और हुड्डा के बीच मतभेद की खबरों के बीच नए प्रदेश कांग्रेस प्रमुख के मुद्दे पर अटकलों का भी अंत हो गया। इस साल के अंत में राज्य में चुनाव होने हैं।

आजाद ने स्वीकार किया कि राज्य प्रमुख की नियुक्ति में देरी हुई है, लेकिन साथ ही उन्होंने कहा कि नियुक्ति नहीं होने से बेहतर देरी भी है।

हुड्डा ने पार्टी में नियंत्रण हासिल करने के लिए दबाव की रणनीति का उपयोग करने के सवाल पर कहा, “अतीत में जो कुछ भी किया गया है, वह अतीत है। यह भविष्य है और नई टीम चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करना सुनिश्चित करेगी।”