सेहरे की जगह कफ़न

शादी के दिन ही दूल्हा चल बसा

नांदुरा : पुणे समाचार
शादी के बाद दूल्हा बड़े नाज़ से अपनी दुल्हन को घर ला रहा था लेकिन समय को शायद यह मंज़ूर नहीं था। उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई और दूल्हे की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। दुल्हन एवं अन्य छह-सात बाराती गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना झाड़ेगाव-खांडवी रास्ते पर बुधवार शाम सात बजे के आसपास हुई।
नांदुरा तहसील के खैरा के श्यामराव कावणे के बेटे मंगेश (25 वर्ष) का विवाह बुधवार को कुरणगाड़ के गजानन भाकरे की बेटी योगिता से संपन्न हुआ। बिदाई के बाद दुल्हा-दूल्हन और बाराती (एम.एच.14 बी.सी.4480) खैरा लौट रहे थे। तभी खांडवी से झाड़ेगाव के रास्ते पर सामने से आ रही ट्रांसपोर्ट की गाड़ी (एम.एच.28 एच.9685) बारातियों के गाड़ी से टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि ड्राइवर के पीछे बैठा दूल्हा गाड़ी से बाहर लगभग डेढ़ सौ फीट की दूरी पर जा गिरा। सड़क पर ज़ोर से गिरने से दूल्हे मंगेश की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि गाड़ी में बैठी दुल्हन एवं छह-सात बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ज़ख्मी दुल्हन को इलाज के लिए नांदुरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।