सात महीने के बालक की दम घुटने से मौत

तासगाँव: पुणे समाचार

केवल सात महीने के बालक आर्यन अर्जुन चव्हाण की दम घुटने से मौत होने की घटना सामने आई है। ऐसे में पहला शक बच्चे के माता-पिता पर किया जा रहा है। पुलिस ने आर्यन के पिता अर्जुन चव्हाण और माँ सुनीता को हिरासत में लिया है। दोनों से पूरे दिन पूछताछ की जाती रही लेकिन देर रात तक भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुँच पाई है। इस घटना ने विसापुर को हिलाकर रख दिया है।

विसापुर के ‘जिरवल मला’ क्षेत्र में अर्जुन, पत्नी सुनीता और केवल सात महीने के बेटे आर्यन के साथ रहता था। रविवार रात दस बजे के दरमियान यह घटना घटी। आर्यन के नाना रामचंद्र तांबेकर (रहवासी दुधोंडी) ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। ख़बर मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने आर्यन के पार्थिव शरीर को मिरज के सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आज मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह साफ हुआ कि आर्यन का गला दबाने से मौत हुई।

“विसापुर मामले में जाँच सही दिशा में की जा रही है। घर के सभी लोगों से पूछताछ कर सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। जल्द ही मामला सुलझा लिया जाएगा।”

– उमेश दंडिले, सहायक पुलिस निरीक्षक

तब घर पर वे दोनों ही थे…

मामले की जाँच करते हुए तासगाँव पुलिस ने सोमवार को आर्यन के माता-पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। जब यह घटना हुई तब घर पर अर्जुन और सुनीता ही थे। अर्जुन के माता-पिता काम की वजह से कहीं बाहर गए हुए थे। घर पर अर्जुन और सुनीता के अलावा कोई नहीं था, यह साफ हो गया है। इस वजह से सारा संदेह आर्यन के माता-पिता पर किया जा रहा है। तासगाँव पुलिस और गहराई से जाँच कर रही है।