शाह ने झारखंड में जन आशीर्वाद यात्रा को दिखाई हरी झंडी

रांची, 18 सितम्बर (आईएएनएस)| केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को झारखंड के जामताड़ा जिले में लोगों का जनादेश हासिल करने के लिए निकाली गई जन आशीर्वाद यात्रा को रवाना किया।

झारखंड में नवंबर-दिसंबर में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिए यह यात्रा निकाली गई। इस दौरान शाह ने देवी काली की पूजा करने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के गढ़ में यात्रा को हरी झंडी दिखाई और लोगों से भाजपा को जनादेश देने की अपील की।

शाह ने कहा, “अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड का निर्माण किया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की देखभाल की है। झारखंड में मुख्यमंत्री रघुबर दास ने लोगों के लिए हितकारी योजनाओं को लागू किया है। मैं लोगों से राज्य में डबल इंजन सरकार के लिए जनादेश को फिर से सुनिश्चित करने की अपील करता हूं।”

मुख्यमंत्री गुरुवार को यात्रा में शामिल होंगे। वह 19 से 24 सितंबर के बीच संथाल परगना डिवीजन के छह जिलों की यात्रा करेंगे।