शादी के दिन दुल्हन पुलिस थाने पहुँची

मुंबई : पुणे समाचार

सगाई हुई, उसके बाद शादी की तारीख़ तय हुई…शादी का दिन आया..पांडाल सज गया…पिता ने कर्ज लेकर बेटी के लिए गहने बनवाए और घर-गृहस्थी के लिए ज़रूरी सारा सामान खरीदा। शादी होने ही वाली थी लेकिन उससे पहले ही होने वाली सास ने विवाह स्थल के साथ जो उपहार दिए जाने थे उसे देख नाक-भौं सिकुड़ना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, यह भी माँग की कि 70 हज़ार रुपए दो, नहीं तो बारात खाली ही वापिस चली जाएगी। पिता अपने होने वाले दामाद और उसके माता-पिता के पैरों में गिरकर गिड़गिड़ाने लगे कि अचानक से इतने सारे पैसे मैं कहाँ से लाऊँगा…कुछ दिनों में इंतज़ाम करता हूँ…लेकिन लड़के की माँ ने साफ इनकार करते एक तमाचा जड़ दिया। तब बेटी ने रोने-गिड़गिड़ाने की बजाए सीधे पुलिस थाने का रूख किया। इस मामले में मलाड पुलिस ने दूल्हे के साथ दूल्हे के पिता को भी हथकड़ियाँ पहना दी। महिला दिन की पूर्व संध्या पर हुई यह घटना बहुत कुछ सोचने पर मजबूर कर देती है।

जोगेश्वरी इलाके की उक्त दुल्हन (19 साल) अपने माता-पिता और भाई के साथ रहती है। पिता सब्जी बेचते हैं। बीते साल नवंबर में कालवा में रहने वाले आशीष गुप्ता (22 साल) का रिश्ता खुद चलकर आया था। इस जनवरी में दोनों की सगाई हुई, जिसका सारा खर्चा भी लड़की वालों ने ही उठाया था। शादी की तारीख 5 मार्च तय हुई। लड़के वालों ने शर्तें लगाईं कि लड़के वालों को तोहफ़े-उपहार, रिश्तेदारों की खातिरदारी, शादी का हॉल और भोजन का सारा खर्चा लड़की के पिता को वहन करना पड़ेगा, जिसे लड़की के पिता ने स्वीकार कर लिया।

मलाड के पश्चिम में स्थित कोली समाज के हॉल की बुकिंग की गई। शादी की रस्में शुरू हुई लेकिन उसी दौरान लड़के की माँ ने अपने हॉल पर अपनी नापसंदगी दर्शाई फिर उपहार में दी गई वस्तुओं को फेंकना शुरू कर दिया। लड़के की माँ ने कहा, “हमने अपने परिवार की लड़कियों को बहुत सारा दहेज दिया है, आप लोगों को भी हमें दहेज देना होगा। हमें दहेज में 70 हज़ार रुपए दीजिए वरना यह शादी नहीं होगी।”

जैसा कि आमतौर पर होता है लड़की के पिता ने बहुत मिन्नतें की। बेटी की शादी के लिए पहले ही कर्ज ले चुके पिता के सामने यह सवाल था कि अब पैसे कहाँ से लाए जाए। उन्होंने होने वाले दामाद से कुछ समय की मोहलत माँगी लेकिन उसने भी मना कर दिया। लड़के ने इतना तक कह दिया कि जब तक पैसे नहीं मिलेंगे मैं मंगलसूत्र नहीं पहनाऊँगा। लड़की का पिता पैर पकड़ कर रो रहा था और पत्थरदिल सास ने उन्हें एक तमाचा जड़ दिया, दूल्हे ने भी हाथापाई की और वे लोग वहाँ से चल दिए।

देर रात तक यह तमाशा चल रहा था। रात के दो बजे लड़की अपने पिता को लेकर पुलिस थाने पहुँची। इस शिकायत पर मलाड पुलिस ने आरोपी दूल्हे और उसके माता-पिता के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मलाड पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुधीर महाडिक ने घटना की गंभीरता को देखते हुए दूल्हे और उसके पिता को दहेज लेने के अपराध में गिरफ्तार किया है। महाडिक ने बताया मामले की जाँच जारी है।