विवेकानंद की जयंती पर युवा कांग्रेस ने निकाला मार्च

नई दिल्ली, 12 जनवरी (आईएएनएस)| स्वामी विवेकानंद की 158वीं जयंती व इस अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर भारतीय युवा कांग्रेस ने मंडी हाउस से आईवाईसी (इंडियन यूथ कांग्रेस) कार्यालय तक एक मार्च का आयोजन किया। इस मार्च में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया, जिसमें से कई आध्यात्मिक गुरु के रूप में नजर आए। इस मौके पर स्वामी विवेकानंद के प्यार, शांति और सद्भाव के संदेश को दर्शाती हुईं कई झांकियां निकाली गईं।

भारतीय युवा कांग्रेस के प्रमुख श्रीनिवास बी.वी. ने इस मार्च का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा, “लोगों में एकता के विचार के साथ स्वामी विवेकानंद जी ने हमें राष्ट्रवाद का विचार दिया। वर्तमान में देश में कुछ ऐसे तत्व हैं, जो इस एकता को तोड़कर उनके विचार को कमजोर करने का प्रयत्न कर रहे हैं।”

भारतीय युवा कांग्रेस के प्रमुख ने कहा, “लोग तानाशाही शासन को देख रहे हैं और ब्रिटिश साम्राज्य की नीति फूट डालो और राज करो को लागू किया जा रहा है। नेता हमारे महान गुरुओं के मूल दर्शनों को भूल चुके हैं।”