विधायक लांडगे ने सोशल मीडिया पर खुद जारी किया मेडिकल बुलेटिन

कहा, चिंता न करें, भोसरी विज़न 2020 के लिए हो तैयार

पिम्परी: पुणे समाचार

स्थायी समिति अध्यक्ष पद के चुनाव में अपने समर्थक नगरसेवक का पत्ता कटने के बाद अस्पताल में दाखिल हुए भोसरी के विधायक महेश लांडगे ने बीती देर रात सोशल मीडिया पर मेडिकल बुलेटिन जारी किया है। इसमें उन्होंने अपने समर्थकों को अस्पताल से डिस्चार्ज मिलने की जानकारी देते हुए अपील की है कि, मैं और मेरी तबीयत दोनों ठीक है, चिंता न करें और भोसरी विजन 2020 के तैयार हो जाएं।

मीडिया प्रतिनिधियों को भी विधायक लांडगे ने यही मैसेज भेजा है। उन्होंने कहा है कि, कुछ दिनों से उन्हें  एसिडिटी की शिकायत थी जो कल अचानक बढ़ गई, जिसके चलते उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है, अब वे और उनकी तबीयत दोनों भी ठीक है। स्थायी समिति अध्यक्ष पद का चुनाव और उनकी तबीयत बिगड़ना महज एक इत्तेफाक भर है। इस बारे में किसी प्रकार की गलतफहमी न पालें। कार्यकर्ताओं से चिंता न करने की अपील करते हुए लांडगे ने भोसरी विधानसभा क्षेत्र के लिए बनाए विजन 2020 की दिशा में आगे बढ़ने की तैयारियों में जुट जाएं।

ज्ञात हो कि स्थायी समिति अध्यक्ष पद के लिए विधायक लांडगे के समर्थक नगरसेवक राहुल लांडगे तीव्र इच्छुक थे। इसकी रेस में भी वे आगे चल रहे थे, मगर बाद में अचानक से वे रेस से बाहर हो गए और विधायक लक्ष्मण जगताप की समर्थक ममता गायकवाड़ को प्रत्याशी घोषित किया गया। इससे नाराज होकर लांडगे समर्थक महापौर नितिन कालजे और राहुल जाधव ने अपने पदों से इस्तीफा दिया है। उनके साथ ही शीतल शिंदे, लक्ष्मण सस्ते और सागर गवली ने भी अपने अपने पदों से इस्तीफ़े दिये हैं। इसी गहमागहमी के बीच विधायक लांडगे के अस्पताल में भर्ती होने की खबर आई। उनके करीबियों का कहना था कि स्थायी समिति सदस्य व अध्यक्ष पद के चुनावों की भागदौड़ में उनकी तबीयत पहले से ही बिगड़ी हुई थी। बीती दोपहर ज्यादा तकलीफ होने लगने से उन्हें अस्पताल ले जाया गया। विधायक लांडगे की तबीयत बिगड़ने के पीछे यही सारे हालात जिम्मेदार रहने की बात सियासी गलियारों में चल रही थी, हांलाकि अब खुद उन्होंने इसका स्पष्टीकरण दे दिया है।