लीबिया मुद्दे पर बर्लिन कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे पुतिन : रूस

मॉस्को, 18 जनवरी (आईएएनएस)| रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने लीबिया मुद्दे पर बर्लिन सम्मेलन के बारे में जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल के साथ फोन पर चर्चा की है, जिसमें रविवार को शामिल होने की उनकी योजना है। रूस ने एक बयान में यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिनहुआ के मुताबिक, शुक्रवार को बयान में कहा गया कि बर्लिन कॉन्फ्रेंस में भाग लेने वालों से लीबिया संकट के समाधान पर विचारों का आदान-प्रदान करने किए जाने की उम्मीद है, जिसमें संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के तत्वाधान में शत्रुता को तेजी से समाप्त करना, युद्धरत पक्षों का सामंजस्य और एक व्यापक राजनीतिक वार्ता की शुरुआत शामिल है।

बयान में कहा गया है कि सम्मेलन के फाइनल डॉक्युमेंट में प्रमुख समझौते दर्ज किए जाएंगे।

मंगलवार को, जर्मन सरकार ने एक बयान जारी कर कहा कि सम्मेलन में अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, संयुक्त अरब अमीरात, तुर्की, कांगो गणराज्य, इटली, मिस्र और अल्जीरिया के दूत शामिल होंगे। संयुक्त राष्ट्र, यूरोपीय संघ, अफ्रीकी संघ और अरब लीग का भी प्रतिनिधित्व किया जाएगा।

लीबिया नेशनल आर्मी (एलएनए) के नेता खलीफा हफ्तार द्वारा संयुक्त राष्ट्र समर्थित सरकार के राष्ट्रीय समझौते के प्रमुख फेयज अल-सरराज के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए बिना मॉस्को में शांति वार्ता छोड़ने के बाद यह घोषणा की गई।

जर्मन विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को ट्वीट किया कि हफ्तार बर्लिन कॉन्फ्रेंस में भाग लेने के लिए तैयार है।

शुक्रवार को रूस ने अपनी वेबसाइट पर हफ्तार द्वारा पुतिन को लिखे पत्र को जारी किया, जिसमें एलएनए नेता ने कहा कि वह शुरू हुई बातचीत को जारी रखने के लिए रूस आने के लिए पुतिन द्वारा दिए निमंत्रण को स्वीकार करने के लिए तैयार हैं।