राहुल, प्रियंका ने मतदाताओं से किया वोट डालने का आग्रह

नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोगों से जमकर मतदान करने का आग्रह किया है।

पश्चिम बंगाल और असम में तीसरे चरण का और केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में एकल चरण का मतदान चल रहा है।

राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा, आज अपना वोट जरूर डालें, भारत आप पर भरोसा कर रहा है।

वहीं उनकी बहन प्रियंका गांधी इस समय घर पर आइसोलेशन में हैं क्योंकि उनके पति रॉबर्ट वाड्रा कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए थे। प्रियंका ने ट्विटर पर लिखा, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में मतदान शुरू होने के बाद, मैं अपनी बहनों और भाइयों से अनुरोध करती हूं कि वे बाहर जाएं और बड़ी संख्या में मतदान करें। ताकि आपका मजबूत, प्रगतिशील और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित हो सके।

असम में 40 विधानसभा सीटों और पश्चिम बंगाल में 31 विधानसभा सीटों पर मतदान चल रहा है। वहीं तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा और केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए भी मतदान जारी है। इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए भी मंगलवार को मतदान हो रहा है।

–आईएएनएस

एसडीजे/आरजेएस