राज्य सहकारी संघ अध्यक्ष चुनाव में राडा

पुणे: पुणेसमाचार

महाराष्ट्र राज्य सहकारी संघ के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के चुनाव में हुए विवाद के चलते भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। एक दूसरे पर कुर्सी फेंकी गई टेबल की भी तोड़फोड़ की गई। इस घमासान के बीच ही एक वरिष्ठ सदस्य ने पिस्तौल निकालकर धमकाने की कोशिश की। इसके चलते माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा। नतीजन चुनाव स्थगित करने की नौबत आई।

राज्य सहकारी संघ अध्यक्ष चुनाव में राडा

4 मार्च को महाराष्ट्र राज्य सहकारी संघ के चुनाव में  प्रविण दरेकर के नेतृत्व वाले भाजपा के सहकार पैनल व काँग्रेस के संजीव कुसालकर के नेतृत्व वाले परिवर्तन पैनल में टकराव हुआ। इसमें निदेशक चुने गए 21 सदस्यों के मतदान से आज अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुना जाना था। सुबह 11 बजे चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। इसी दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं में विवाद हुआ और दोनों गुट आपस में भिड़ गए। कुर्सी व टेबलों की तोड़फोड़ की गई। एक वरिष्ठ सदस्य ने तो पिस्तौल निकाल कर धमकाया भी। अचरज की बात यह रही कि यह सब कुछ पुलिस के सामने ही होता रहा। इतना ही नहीं भाजपा के विधायक प्रविण दरेकर, प्रसाद लाड और महेश लांडगे भी मौजूद थे।

 

हंगामे के बीच ही निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव स्थगित करने की घोषणा कर दी। कांग्रेस के हिरामन सातकर ने भाजपा पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि, इस चुनाव में हमारी जीत निश्चित थी, इसी के चलते भाजपा द्वारा जानबूझकर कर यह बखेड़ा खड़ा किया और चुनाव स्थगित कराया गया। इस पूरे मामले की व्यापक जांच की मांग भी उन्होंने की है। हांलाकि इन बारे भाजपा नेताओं से सम्पर्क न होने से उनकी राय नहीं जानी जा सकी।