राजस्थान : पिता पर बेटी को जंजीरों में बांधने व दुष्कर्म करने का आरोप

जयपुर, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)| राजस्थान के जालोर जिले में एक स्तब्ध करने वाले मामले में एक 17 साल की लड़की को जंजीरों में बांधकर रखा गया और उसके पिता ने घर में ही उससे कथित तौर पर बार-बार दुष्कर्म किया। पुलिस में की गई शिकायत के अनुसार, नाबालिग ने अपने पिता पर उसके हाथ व पैर को भारी जंजीरों से बांध कर रखने व उससे दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। लड़की का कहना है कि उसने अपने पिता को एक अन्य महिला के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया था। इसके बाद उसके पिता ने उसके साथ यह बर्बरता की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लड़की के घर से बच निकलने व अपनी आप बीती सुनने के बाद उसके मामा ने यह शिकायत दर्ज कराई।

लड़की ने कहा कि उसके पिता ने बीते कई दिनों से उसे जंजीरों में बांधा हुआ था और दुष्कर्म किया।

नाबालिग लड़की शुक्रवार को अपने पिता के चंगुल से बच निकली और अपने मामा के पास पहुंच गई।

लड़की के मामा ने कहा कि पीड़ित की मां ने उसके पिता को सात पहले छोड़ दिया था क्योंकि वह रोज-रोज की मारपीट से परेशान हो गई थी।

हालांकि, लड़की अपने पिता के साथ रह रही थी।

उसने कहा कि उसके पिता का परिवार की एक महिला के साथ अवैध संबंध है और जैसे ही उसने दोनों को साथ में देख लिया, उसे जंजीर में बांध दिया गया। लड़की ने अपने पिता पर दुष्कर्म का आरोप लगाया।

स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) गिरधर सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच को पुलिस उप निरीक्षक एससी/एसटी सेल को सौंप दिया गया है।