रंग में भंग! छात्रा के सिर पर सिंदूर डालने से आठवीं कक्षा का छात्र गिरफ़्तार

चौदह वर्षीय किशोर को रंग लगाना भारी पड़ा

गुरुग्राम : उत्तर भारत के कुछ शहरों में बच्चों ने आज से ही होली मनाना शुरू कर दी है। लेकिन गुरुग्राम के 14 साल के एक किशोर ने ऐसा रंग लगाया कि उसके त्योहार का रंग उतर गया। उसी की कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा पर सिंदूर डालने के आरोप में पुलिस ने उसे अपनी कस्टडी में लिया है।

गुरुग्राम के फारुख़नगर में रहने वाले 14 साल के एक किशोर ने सोमवार को उसी की कक्षा की एक छात्रा के सिर पर सिंदूर डाल दिया। घटना तब हुई जब वे दोनों स्कूल से लौट रहे थे। घर लौटने पर उसने अपने अभिभावकों को इसकी जानकारी दी। लड़की का आरोप है कि लड़के ने जानबूझकर उसके सिर पर सिंदूर डाला। इस बात पर लड़की के परिवारजनों ने पुलिस से गुहार लगाई।

लड़के के परिवार वालों को इस घटना से गहरा धक्का पहुँचा है। पुलिस कार्रवाई की भी उन्होंने निंदा की है। लड़के की माँ का कहना है कि –“इस उम्र में बच्चों में होली खेलने का उत्साह होता है। उसने इसी जोश में लड़की पर रंग डाल दिया। लड़के ने लड़की के सिर पर गुलाल डाला था और ऐसा करने के पीछे उसका कोई ग़लत इरादा नहीं था। छोटी उम्र होने से लड़के को सिंदूर का महत्व भी पता नहीं है।”

पुलिस ने लड़के के ख़िलाफ़ पॉस्को कानून के अंतर्गत कार्रवाई की है। माँ ने आशंका व्यक्त करते हुए कहा है कि “इस तरह के कठोर कानून के तहत कार्रवाई करने से मेरे बेटे का जीवन तबाह हो जाएगा।” फ़िलहाल लड़के को बाल सुधार गृह भेजा गया है।