यूरोपीय संघ के ज्यादा प्रतिबंध लगाने के फैसले से परेशान है रूस

मास्को, 23 फरवरी (आईएएनएस)। यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों द्वारा रूसी नागरिकों के खिलाफ नए प्रतिबंध लगाने के फैसले को रूसी विदेश मंत्रालय ने निराशाजनक बताया है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, यूरोपीय संघ के विदेशी मामलों और सुरक्षा नीति के लिए हाई रिप्रजेंटेटिव्स जोसेप बोरेल ने सोमवार को कहा कि गुट के विदेश मंत्री रूस में विपक्ष के नेता अलेक्सी नवालनी को गिरफ्तार करने, उन्हें सजा और प्रताड़ना देने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रतिबंध लगाने के लिए सहमत हैं।

रूसी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि रूसी कानून के मुताबिक रूसी कोर्ट द्वारा आर्थिक अपराध के लिए दोषी ठहराए गए नागरिक की रिहाई की मांग करना अस्वीकार्य है। अंतर्राष्ट्रीय नजर से देखें तो इसे एक संप्रभु राज्य के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप कहा जाता है।

इसमें आगे कहा गया है कि यूरोपीय संघ खुद मानव अधिकारों के रोजाना होने वाले उल्लंघन का खंडन करता है, जिसमें पुलिस की बर्बरता, मीडिया की स्वतंत्रता पर हमला और रूसी भाषा के इस्तेमाल को रोकने जैसे काम शामिल हैं।

–आईएएनएस

एसडीजे-एसकेपी