मेरा तीसरा ओलंपिक अलग होगा : महिला तीरंदाज दीपिका

ग्वाटेमाला सिटी (ग्वाटेमाला), 20 अप्रैल (आईएएनएस)। टॉप भारतीय महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी ने मंगलवार को कहा कि टोक्यो ओलंपिक उनके लिए पिछले दो ओलंपिक से अलग होगा।

भारतीय रिकर्व दल इस समय तीरंदाजी विश्व कप 2021 (चरण एक) में भाग लेने के लिए यहां हैं। कोविड-19 महामारी के कारण 2020 में अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर के रद्द होने के बाद विश्व कप चरण एक पहली वैश्विक प्रतियोगिता है।

दीपिका ने कहा, मेरे लिए टोक्यो (टोक्यो) ओलंपिक अलग होगा। मैं अपने विचारों को नियंत्रित करना सीख रही हूं। उसी समय, मैं बेहतर प्रदर्शन कर रही हूं।

पूर्व वल्र्ड नंबर 1 दीपिका ट्रॉयल्स में टॉप पर रही थी और अब वह यहां तीरंदाजी विश्व कप 2021 (चरण एक) में रिकर्व महिला टीम की अगुवाई कर रही हैं।

उन्होंने कहा, तीरंदाजी आपके दिमाग और विचारों को लेकर है। हमें यह जानना होगा कि दबाव को कैसे नियंत्रित किया जाए, मस्तिष्क को कैसे नियंत्रित किया जाए, मेरा मन नियंत्रण, मेरा विचार नियंत्रण। यह तीरंदाजी और खेल में महत्वपूर्ण है।

26 साल की दीपिका ने कहा कि उनके अंदर अभी भी काफी तीरंदाजी बची हुई है और साथ ही उनके अंदर अभी काफी सुधार की गुंजाइश है।

उन्होंने ग्वाटेमाला सिटी में इस सप्ताह होने वाले विश्व कप को लेकर कहा, आप लगातार अभ्यास करते रहते हैं, लेकिन प्रतियोगिता में आप पर दबाव होता है। आपको इस दबाव से निपटना आना चाहिए।

–आईएएनएस

ईजेडए/एएनएम