मेरठ : चिकित्सा रपट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई

मेरठ, 15 फरवरी (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में एमबीए की पढ़ाई कर रही एक छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि चिकित्सा रपट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। मेरठ के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) प्रवीण कुमार ने कहा, “अभी तक जो तथ्य सामने आए हैं, उसके अनुसार यह दुष्कर्म या सामूहिक दुष्कर्म का मामला नहीं है। लड़की अपनी मर्जी से अपने बचपन के दोस्त के साथ मोटरसाइकिल से गई थी। रास्ते में हुई दुर्घटना में वह घायल हो गई।”

उन्होंने आगे कहा, “लड़की की तलाश कर रहे परिजन पुलिस के पास पहुंचे और उन्हें साथ लेकर सीधे लड़के के आवास पर पहुंचे। लड़की वहां घायल अवस्था में मिली और लड़का वहां से गायब था। आगे की जांच के लिए लड़के की तलाश की जा रही है।”

प्रवीण कुमार ने कहा, “लड़की का मेडिकल कराया गया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं जिस घर से लड़की को बरामद किया गया है, वहां महिलाएं भी मौजूद थीं, जो लड़की का उपचार कर रही थीं।”

आईजी ने कहा कि लड़की का अस्पताल में इलाज चल रहा है, और वह अब ठीक है। मामले की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि पहले कहा जा रहा था कि मेरठ से गढ़ मुक्तेश्वर जाते समय छात्रा को लिफ्ट देने के नाम पर अपरहण किया गया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। छात्रा को गंभीर हालत में मेरठ के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया और हापुड़ में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया था।