मुलायम जन्मदिन पर पार्टी ऑफिस गए

लखनऊ, 22 नवंबर (आईएएनएस)। अपने स्वास्थ्य को लेकर तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने रविवार को दोपहर में पार्टी मुख्यालय का दौरा किया और उन कार्यकर्ताओं से मिले जो उनका 82वां जन्मदिन मनाने के लिए वहां एकत्रित हुए थे।

महामारी के दौर में लखनऊ में मुलायम की यह पहली सार्वजनिक उपस्थिति थी। उनके साथ सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी थे।

इस अवसर पर सपा कार्यालय को गुब्बारे और पोस्टर से सजाया गया था।

वहीं मुलायम सिंह के आवास के आसपास के क्षेत्र को और पार्टी ऑफिस के सड़कों को भी उनके जन्मदिन पर शुभकामनाओं वाले पोस्टर से सजाया गया था।

पार्टी कार्यकर्ता अपने नेता से मिलने के लिए बड़ी संख्या में सपा मुख्यालय पहुंचे।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलायम सिंह से बात की और उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की।

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी थी।

–आईएएनएस

एमएनएस/एसजीके