मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिया ओला पीड़ित किसानों को मदद का निर्देश

मुंबई : बेमौसम बारिश के साथ पड़े ओले ने किसानों के सामने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किसानों को तत्काल नुकसान की भरपाई देने का निर्देश दिया। इस संबंध में मुख्यमंत्री फडणवीस ने एक समीक्षा बैठक भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ओला गिरने से संतरा, गेंहू, चना, सब्जी, केला, मोसंबी और अन्य फसलों को काफी नुकसान हुआ है। प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मदद पहुंचाई जाए। विदर्भ के कई इलाकों में अभी तक तकनीकी समस्या के कारण पंचनामा नहीं हो सका है। कपास की फसलों में कीड़े लगने से हुए नुकसान की भरपाई देने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही। मदद के रूप में एक हजार रुपये से कम किसी किसान को नहीं मिलने चाहिए। पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि नागपुर में ओलावृष्टि से फल बागों को दोहरा नुकसान हुआ है। इस पर विशेष विचार किया जाए जिससे किसानों को अधिक मदद मिल सके। उन्होंने कपास की फसलों की नुकसान भरपाई देने की मांग की है ।