मुख्यमंत्रियों ने जेटली के निधन पर जताया दुख

नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)| पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के निधन पर शनिवार को कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने शोक व्यक्त किया। नेताओं ने पूर्व वित्त मंत्री को याद करते हुए ट्वीट के माध्यम से अपनी संवेदनाएं प्रकट की। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा कि अरुण जेटली भाजपा में एक अलग चेहरा थे। विजयन ने कहा, “उन्होंने जो भी पद हासिल किया, उसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और विभिन्न क्षेत्रों में उनके ज्ञान ने उनकी बहुत मदद की। वह भाजपा में एक अलग चेहरा थे।”

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में जेटली के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने जेटली को एक उत्कृष्ट सांसद और प्रतिभाशाली वकील बताया, जिनका सभी दलों में सम्मान और सराहना हुई। बनर्जी ने ट्वीट करते हुए कहा, “अरुण जेटली जी के निधन से बहुत दुख हुआ। उन्होंने बहादुरी से काम किया। एक उत्कृष्ट सांसद और एक शानदार वकील। उनकी सभी पार्टियों ने सराहना की।”

उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में जेटली के योगदान को याद किया जाएगा। बनर्जी ने कहा, “उनकी पत्नी, बच्चों, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना।”

इसके अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी ने कहा कि जेटली ने देश के कल्याण के लिए वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू किया। उन्होंने संसद में भी अपने विचार जोरदार ढंग से रखे।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन से उन्हें गहरा दुख हुआ है। ठाकुर ने ट्वीट किया, “उनकी सोच व कार्यशैली ने उन्हें सभी के साथ जोड़ा, जो उन्हें अतुलनीय बनाता है। उनकी आत्मा को शांति मिले।”

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पणजी में कहा कि अरुण जेटली ने भारतीय अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा दी। सावंत ने ट्वीट किया, “पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री अरुण जेटली जी के निधन से गहरा दुख हुआ। एक राजनीतिज्ञ, जो एक तेजतर्रार बुद्धि वाले व्यक्ति थे, जिनका सभी सम्मान करते थे। वित्त मंत्री के तौर पर उनके कार्यकाल में देश को आर्थिक सुधारों की दिशा में सफलता मिली।”

भाजपा के दिग्गज नेता 66 वर्षीय अरुण जेटली ने लंबी बीमारी के बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में शनिवार को अंतिम सांस ली।