माफिया डॉन रवि पुजारी को 9 मार्च तक पुलिस हिरासत

मुंबई, 23 फरवरी (आईएएनएस)। मुंबई की एक विशेष अदालत ने मंगलवार को गैंगस्टर रवि पुजारी को 2016 गोलीबारी मामले में 9 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। उसे बेंगलुरू से यहां लाया गया था।

वर्षो से फरार, पुजारी को फरवरी 2020 में पश्चिमी अफ्रिकी देश सेनेगल से प्रत्यर्पित किया गया था और कई मामलों के सिलसिले में बेंगलुरु जेल में रखा गया था।

पिछले शनिवार को मुंबई पुलिस की एक टीम शनिवार को कर्नाटक गई थी। दरअसल कर्नाटक कोर्ट ने फायरिंग मामले में पुजारी को मुंबई लाने की इजाजत दी थी।

एंटी एक्सटॉर्शन सेल की एक टीम मंगलवार सुबह पुजारी को यहां लेकर आई महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (मकोका) के विशेष न्यायाधीश डी. कोथलीकर के समक्ष पेश किया, जिन्होंने उसे एक पखवाड़े के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।

53 वर्षीय पुजारी, कर्नाटक के उडुपी जिले का रहने वाला है और कथित तौर पर प्रमुख व्यवसायियों और फिल्मी हस्तियों से जबरन वसूली का रैकेट संचालित करता था।

2016 के विले पार्ले फायरिंग मामले में सात अन्य सह आरोपी वर्तमान में जेल में हैं।

मामले की जांच कर रही एक विशेष टीम अब पुजारी से पूछताछ करेगी, जिसे मुंबई पुलिस मुख्यालय में अपराध शाखा के लॉकअप में रखे जाने की संभावना है।

–आईएएनएस

आरएचए/एएनएम