महिला को ठीक नहीं कर सके, तो आईसीयू में कराया जादू-टोना

पुणे: पुणे समाचार

-दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में डॉक्टरों की काली करतूत उजागर 
-वीडियो फुटेज से हुआ मामले का खुलासा 

इलाज के नाम पर डॉक्टरों द्वारा मरीजों से पैसे ऐंठने के मामले तो आपने बहुत सुने होंगे, लेकिन पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में जो हुआ है वो शायद आपने पहले कभी न सुना हो। यहां पहले एक महिला को इलाज के लिए भर्ती किया गया और जब डॉक्टर उसे ठीक नहीं कर पाए, तो आईसीयू में तांत्रिक को बुलाकर जादू-टोना करवाया गया। इस मामले का खुलासा एक वीडियो फुटेज से हुआ है, जिसमें साफ़ तौर पर नज़र आ रहा है कि डॉक्टर किस तरह मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करते हैं।  जानकारी के मुताबिक, संध्या सोनावणे नामक महिला गांठ संबंधी समस्या के चलते डॉ. सतीश चव्हाण के पास इलाज के लिए गई थी। डॉक्टर ने ऑपरेशन की बात करके महिला को भर्ती कर लिया। पहला ऑपरेशन असफल होने के चलते महिला का दूसरा ऑपरेशन किया गया। हालांकि दूसरा ऑपरेशन भी सफल नहीं हुआ और महिला कोमा में चली गई।

खुद लेकर पहुंचे तांत्रिक
महिला की स्थिति बिगड़ती देख डॉ. सतीश चव्हाण ने उसे  दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती करवाया। इतना ही नहीं डॉक्टर साहब खुद एक तांत्रिक को लेकर अस्पताल के आईसीयू पहुंचे, और उक्त महिला को ठीक करने के लिए जादू-टोना करवाया। मरीज के रिश्तेदार ने चुपके से इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद उसने शिवसेना कार्यकर्ता सचिन तावरे से मदद मांगी। तब जाकर यह मामला सबके सामने आ सका।

फिर भी नहीं बचा सके
इस मामले का सबसे दर्दनाक पहलु यह है कि उक्त महिला को बचाया नहीं जा सका। उसने सोमवार को दम तोड़ दिया।  मृतका के परिजन इस घटना के बाद से काफी डरे हुए हैं। वे मामले को मीडिया के सामने बयां करने से पहले डर रहे थे। लेकिन महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मलून समिति की पुणे शहर कार्याध्यक्ष नंदिनी जाधव और सचिन तावरे का समर्थन मिलने के बाद उन्होंने डॉक्टर की करतूत को उजागर किया।