महिलाओं को मिला ‘तेजस्विनी’ का साथ

-स्पेशल बस सेवा शुरू, विभिन्न मार्गों पर दौड़ेंगी 30 बसें

-बसों में सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम

पुणे: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पुणे महानगर परिवहन महामंडल लि. (पीएमपीएमएल) ने महिलाओं को तेजस्विनी नामक स्वतंत्र बस सेवा का तोहफा दिया है। इसके तहत शहर के विभिन्न मार्गों पर 30 बसें दौड़ेंगी। इन बसों में सुरक्षा की दृष्टि से विशेष इंतज़ाम किये गए हैं।

गुरुवार की सुबह कात्रज बस डेपो में महापौर मुक्ता तिलक, पीएमपीएमएल की प्रबंधक निदेशक नयना गुंडे की उपस्थिति में तेजस्विनी बस का शुभारंभ किया गया। इस दौरान महिला यात्रियों को गुलाब का फूल दिया गया। महापौर तिलक ने कहा कि नौकरी, व्यवसाय करने वाली महिलाअों की संख्या बढ़ रही है। हर रोज उन्हें बस से यात्रा करनी पड़ती है। यात्रा के दौरान उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए स्वतंत्र बस सेवा शुरू की गई है। आगामी समय में बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। आज से शहर के विभिन्न मार्गों पर बस सेवा शुरू हुई है। बसों में महिला कंडक्टर को नियुक्त किया गया है।

ऐसी है तेजस्विनी

32 सीटर वाली इस बस में सीट बेल्ट और जीपीआरएस के आलावा अगले और पिछले हिस्से में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। बस में डिजीटल बोर्ड लगाया गया है जिस पर हर स्टॉप का नाम आएगा। आईटीएमएस सिस्टम के जरिए बस का स्थान, मार्ग, स्थिति आदि के बारे में नियंत्रण कक्ष को जानकारी मिलेगी।