महिलाओं की भी नियुक्ति होगी जिम्मेदारी वाले पदों पर

मुंबई : पुणे समाचार

वर्तमान में प्रशासन के कुछ पद ऐसे हैं जहाँ महिलाओं की नियुक्ति नहीं की जाती है। महिलाओं को आमतौर पर गैर-कार्यकारी पदों पर नियुक्त किया जाता है। जिससे महिलाओं को हमेशा लगता है कि उनका स्थान दोयम है। महिला अधिकारियों और कर्मचारियों ने माँग की है कि सरकारी स्तर पर इसे बदलने की दिशा में कोशिश की जाना चाहिए।
इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासकीय विभाग के अंडर सेक्रेटरी दीपक मोरे ने परिपत्र जारी किया है। तद्नुसार निर्देश दिया गया है कि सराकरी कार्यालयों के विभिन्न विभागों के सभी कार्यकारी और गैर-कार्यकारी पदों की सूची तैयार की जाएँ। साथ ही यह भी कहा गया है कि उक्त माँग को ध्यान में रखते हुए इन पदों पर उन्नति या स्थानांतरण की प्रशासकीय आवश्यकता को देखते हुए महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों के बारे में विचार किया जाए। उन्होंने कहा है कि उपरोक्त निर्देशों का पालन सभी प्रशासनिक विभागों द्वारा किया जाना चाहिए और क्षेत्रीय कार्यालयों के ध्यानार्थ लाया जाना चाहिए। अब उम्मीद की जा सकती है कि आने वाले समय में महिलाओं को भी कार्यकारी पदों पर अपनी सेवाएँ देने का अवसर मिलेगा।